‘वंदे भारत मिशन’ के दूसरे चरण में 31 देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाया जाएगा
यह बात आधिकारिक सूत्रों ने कही।
नयी दिल्ली, 12 मई भारत ‘वंदे भारत मिशन’ के दूसरे चरण में 16 से 22 मई के बीच 31 देशों में फंसे भारतीयों को 149 उड़ानों के माध्यम से वापस लाएगा।
यह बात आधिकारिक सूत्रों ने कही।
सरकार ने कोविड-19 लॉकडाउन और यात्रा प्रतिबंधों के चलते विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए ‘वंदे भारत मिशन’ की शुरुआत की थी।
मिशन के पहले चरण में सरकार अमेरिका, ब्रिटेन, फिलीपीन, बांग्लादेश, मलेशिया और मालदीव जैसे देशों तथा खाड़ी क्षेत्र के देशों से कुल 6,527 भारतीय लोगों को वापस लेकर आई है।
दूसरे चरण में सरकार कनाडा, ओमान, कजाकिस्तान, यूक्रेन, फ्रांस, ताजिकिस्तान, सिंगापुर, अमेरिका, सऊदी अरब, इंडोनेशिया, कतर, रूस, किर्गिस्तान, जापान, कुवैत और इटली से लोगों को वापस लाएगी।
नेपाल, नाइजीरिया, बेलारूस, आर्मीनिया, थाईलैंड, आयरलैंड, जर्मनी, जॉर्जिया और ब्रिटेन से भी भारतीयों को वापस लाया जाएगा।
एअरलाइन के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘दूसरे चरण में, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस 149 उड़ानों का परिचालन करेंगी।’’
सूत्रों ने कहा कि पिछले सप्ताह तक लगभग 68 हजार भारतीयों को ‘‘आवश्यक कारणों’’ के सरकार के मानक के तहत ‘वंदे भारत मिशन’ के अंतर्गत देश वापस लाने के योग्य पाया गया।
लोगों को वापस लाने की सरकार की नीति के तहत गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, छात्रों और वे लोग जो वापस भेजे जाने की संभावना का सामना कर रहे हैं, को आवश्यक कारणों के अंतर्गत वापस लाया जा रहा है।
पहले चरण में, सरकार ने 12 देशों से लगभग 15 हजार लोगों को 64 उड़ानों के जरिए वापस लाने की योजना बनाई थी।
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए भारत में 25 मार्च से लॉकडाउन लागू है। यह घातक वायरस भारत में अब तक 70 हजार से अधिक लोगों को बीमार कर चुका है तथा लगभग 2,290 लोगों की जान ले चुका है। लॉकडाउन की अवधि तक के लिए सभी वाणिज्यिक यात्री उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)