देश की खबरें | यूरोप दौरे से अंतरराष्ट्रीय हॉकी में वापसी करेगी भारतीय पुरूष टीम

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय पुरूष हॉकी टीम इस महीने जर्मनी और बेल्जियम के दौरे से तोक्यो ओलंपिक की तैयारियां शुरू करेगी जो पिछले साल मार्च में कोरोना महामारी के बाद से उसका पहला अंतरराष्ट्रीय दौरा होगा ।

नयी दिल्ली, 20 फरवरी भारतीय पुरूष हॉकी टीम इस महीने जर्मनी और बेल्जियम के दौरे से तोक्यो ओलंपिक की तैयारियां शुरू करेगी जो पिछले साल मार्च में कोरोना महामारी के बाद से उसका पहला अंतरराष्ट्रीय दौरा होगा ।

भारतीय टीम के 22 खिलाड़ियों और छह सहयोगी स्टाफ का दल रविवार को बेंगलुरू से जर्मनी के क्रेफेल्ड के लिये रवाना होगा जहां वे मेजबान टीम से 28 फरवरी और दो मार्च को खेलेंगे ।

इसके बाद भारतीय टीम एंटवर्प जायेगी जहां उसे ब्रिटेन से छह और आठ मार्च को खेलना है ।

भारतीय टीम की कप्तानी गोलकीपर पी आर श्रीजेश को सौंपी गई है जबकि ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह उपकप्तान होंगे । नियमित कप्तान मनप्रीत सिंह, ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह, अनुभवी फारवर्ड एस वी सुनील और वरूण कुमार टीम में नहीं है ।

समझा जाता है कि मनप्रीत निजी कारणों से टीम से बाहर हैं जबकि रूपिंदर और वरूण चोटिल हैं ।

भारतीय टीम ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट पिछले साल फरवरी में भुवनेश्वर में एफआईएच हॉकी प्रो लीग खेला था ।

आस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम एफआईएच विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई जो अब तक का उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है ।भारतीय टीम जनवरी से बेंगलुरू में अभ्यास कर रही है ।

महिला टीम ने पिछले महीने अर्जेंटीना का दौरा किया था जबकि जूनियर महिला टीम चिली दौरे पर गई थी ।

भारतीय पुरूष टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा ,‘‘ हमें खुशी है कि यूरोप दौरे का मौका मिला है और हम 12 महीने में पहला प्रतिस्पर्धी मैच खेलेंगे ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ जर्मनी और ब्रिटेन जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने से काफी अनुभव मिलेगा । इससे हीरो प्रो लीग और ओलंपिक की तैयारी मजबूत होगी ।’’

हरमनप्रीत ने कहा ,‘‘ हम एक साल में पहले दौरे से काफी रोमांचित है। जर्मनी और ब्रिटेन के खिलाफ खेलकर हम अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकेंगे । इस समय यूरोप में काफी ठंड होगी लेकिन हमारे पास मौसम के अनुकूल ढलने के लिये एक हफ्ते का समय है । ’’

हॉकी इंडिया और मेजबान हॉकी संघों ने बायो बबल तैयार किया है । भारतीय टीम ऐसे होटल में रूकेगी जहां खिलाड़ियों के लिये अलग कमरे , खाने और टीम बैठकों के लिये अलग कमरे होंगे । एक कमरे में दो खिलाड़ी रहेंगे और पूरे दौरे पर वही दोनों कमरा साझा करेंगे । टीम बस में भी बैठने की विशेष व्यवस्था होगी ।

टीम के सदस्य बबल से बाहर नहीं जा सकेंगे और किसी बाहरी व्यक्ति से मिल नहीं सकेंगे । जाने से पहले पूरी टीम का कोरोना टेस्ट होगा । जर्मनी में पृथकवास की जरूरत नहीं है लेकिन टीम भारत, जर्मनी और बेल्जियम के तमाम स्वास्थ प्रोटोकॉल का पालन करेगी ।

टीम :

गोलकीपर : पी आर श्रीजेश (कप्तान), के बी पाठक

डिफेंडर : अमित रोहिदास, दिप्सन टिर्की, गुरिंदर सिंह, हरमनप्रीत सिंह, सुरेंदर कुमार, जरमनप्रीत सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा

मिडफील्डर : चिंगलेनसना सिंह, नीलाकांता शर्मा, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राजकुमार पाल, सिमरनजीत सिंह, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह

फारवर्ड : गुरजंत सिंह, रमनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी