असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का विमान हादसे का शिकार

असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान भारतीय वायुसेना का एएन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान भारतीय वायुसेना का एएन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.भारतीय वायुसेना का एक एएन-32 परिवहन विमान शनिवार को असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. समाचार रिपोर्टों के मुताबिक हादसा विमान की लैंडिंग के दौरान हुआ. दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई, जिसके बाद आपातकालीन और बचाव टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया. भारतीय वायुसेना ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं.

हादसे की जांच शुरू, 5 लोगों की मौत

भारतीय अखबार इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, दुर्घटना की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. वायुसेना ने घटना की जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों की टीम हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है. शुरुआती रिपोर्टों में किसी के घायल या हताहत होने को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी. लेकिन ताजा मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम की मौत हुई है. भारतीय वायुसेना ने सभी के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि दुख की इस घड़ी में पूरी वायुसेना शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है.

एएन-32 विमान का खासियतें

एएन-32 भारतीय वायुसेना का ट्विन-इंजन टर्बोप्रॉप परिवहन विमान है, जिसे लंबे समय से सेना की लॉजिस्टिक और परिवहन जरूरतों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. इसे सोवियत संघ में भारतीय जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया था, जैसे कि कठिन मौसम और खतरनाक भौगोलिक परिस्थितियों को.

एक भारतीय टीवी चैनल की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह विमान ऊंचाई वाले एयरफील्ड और गर्म मौसम वाले इलाकों में भी बेहतरीन ढंग से काम कर सकता है. भारतीय वायुसेना के बेड़े में ऐसे करीब 100 विमान हैं. एएन-32 एक बार में 7.5 टन तक सामान, 50 यात्रियों या 42 पैराट्रूपर्स को ले जाने की क्षमता रखता है. दूरदराज इलाकों तक सैनिकों, उपकरणों और जरूरी सामान की आपूर्ति में यह विमान अहम भूमिका निभाता है.

Share Now