देश की खबरें | भारत ने भूकंप प्रभावित तुर्किये को बचाव उपकरण, राहत सामग्री, मेडिकल दल भेजे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत ने तुर्किये में विनाशकारी भूकंप से प्रभावित हुए लोगों के लिए दो विमानों के जरिये राहत सामग्री और मेडिकल दलों को भेजा है।
नयी दिल्ली, सात फरवरी भारत ने तुर्किये में विनाशकारी भूकंप से प्रभावित हुए लोगों के लिए दो विमानों के जरिये राहत सामग्री और मेडिकल दलों को भेजा है।
भूकंप में 5,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
सोमवार को आये दो शक्तिशाली भूकंप में तुर्किये और सीरिया के विभिन्न हिस्से बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। भारत ने तुर्किये में भूकंप प्रभावित इलाकों में मलबे में दबे लोगों को ढूंढने के लिए विभिन्न उपकरण भेजे हैं।
विश्व के कई देशों ने तुर्किये और सीरिया में राहत कार्यों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारत इस चुनौतीपूर्ण क्षण में अपनी एकजुटता व्यक्त करता है।’’
तलाश एवं बचाव कर्मियों के एक समूह, विशेष रूप से प्रशिक्षित श्वान दस्ता, ड्रिल मशीन, राहत सामग्री, दवाइयों के साथ प्रथम सी-17 परिवहन विमान आज सुबह तुर्किये के अदन में उतरा।
भारतीय वायुसेना का दूसरा विमान इसी तरह की सामग्री और कर्मियों के साथ दोपहर के करीब तुर्किये के लिए रवाना हुआ।
जयशंकर ने कहा, ‘‘एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) के 50 से अधिक तलाश एवं बचाव कर्मियों, विशेष रूप से प्रशिक्षित श्वान दस्ते, ड्रिल मशीन, राहत सामग्री, दवाइयां और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ प्रथम भारतीय सी-17 उड़ान अदन, तुर्किये पहुंच गया है।’’
प्रथम एवं दूसरे, दोनों विमानों से एनडीआरएफ के तलाश एवं बचाव कर्मी भेजे गये हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘वायुसेना का दूसरा विमान सी-17, ‘श्वान दस्ते, तलाश एवं बचाव उपकरण, मलबा हटाने की मशीन’ सहित एनडीआरएफ के दलों के साथ तुर्किये के लिए रवाना हुआ है। तुर्किये के लोगों की जरूरत के समय भारत उनकी लगातार मदद कर रहा है।’’
उन्होंने कहा कि 99 सदस्यीय मेडिकल दल में गहन चिकित्सा विशेषज्ञ भी हैं।
तुर्किये में 30 बिस्तरों वाला एक अस्थायी चिकित्सा केंद्र स्थापित करने के लिए मेडिकल दलों को एक्स-रे मशीन, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र, हृदय की निगरानी करने वाले उपकरणों से लैस किया गया है।
थल सेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सेना ने भूकंप प्रभावित तुर्किये की मदद के लिए 99 सदस्यीय एक मेडिकल टीम बनाई है।’’
उल्लेखनीय है कि भारत ने एनडीआरएफ के तलाश एवं बचाव दलों, मेडिकल दलों और राहत सामग्री फौरन तुर्किये भेजने का सोमवार को फैसला किया था। तुर्किये को हर संभव मदद देने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों के बाद यह कदम उठाया गया।
इस बीच, नयी दिल्ली में स्थित तुर्किये के दूतावास ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘एनडीआरएफ के विशेष तलाश एवं बचाव दलों और प्रशिक्षित श्वान दस्तों के साथ भूकंप राहत सामग्री की पहली खेप तुर्किये पहुंच गई है। भारत के सहयोग और एकजुटता के लिए धन्यवाद।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)