देश की खबरें | भारत, नेपाल ने जल, स्वच्छता, स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और नेपाल ने सोमवार को जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

नयी दिल्ली, तीन मार्च भारत और नेपाल ने सोमवार को जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल और नेपाल के जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव की उपस्थिति में एक समारोह में हस्ताक्षर किए गए।

आधिकारिक बयान के अनुसार, यह समझौता अपशिष्ट प्रबंधन, जल संसाधन प्रबंधन और क्षमता निर्माण सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा।

समझौता ज्ञापन के तहत, दोनों देश क्षमता निर्माण कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जल संसाधन प्रबंधन और संबंधित क्षेत्रों में नेपाली कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

बयान में कहा गया है कि प्रौद्योगिकी और ज्ञान हस्तांतरण पर भी मुख्य ध्यान दिया जाएगा। दोनों देश जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेषज्ञता और सर्वोत्तम तौर-तरीकों को साझा करेंगे। समझौता ज्ञापन का एक अन्य पहलू भूजल प्रबंधन में संयुक्त प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करना है।

बयान में कहा गया है कि दोनों देश भूजल संसाधनों की निगरानी, ​​आकलन और प्रबंधन के लिए मिलकर काम करेंगे, जिसमें गुणवत्ता सुधार, भूमिगत पानी संचय बढ़ाने और वर्षा जल संचयन की पहल शामिल हैं।

समारोह के दौरान पाटिल ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन भारत और नेपाल के बीच सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्थिरता और क्षेत्रीय सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यादव ने बड़े पैमाने पर स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता पहल को लागू करने में भारत की सफलता की सराहना की।

उन्होंने कहा कि नेपाल इन क्षेत्रों में भारत के अनुभव से सीखने के लिए उत्सुक है। यादव ने कहा कि नेपाली अधिकारी जानकारी और सर्वोत्तम तौर तरीकों को जानने के लिए भारत में प्रमुख स्थलों का दौरा करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\