देश की खबरें | गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने में तेज गति से आगे बढ़ रहा भारत : नकवी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है और इसका फार्मा क्षेत्र जीवन रक्षक दवाएं मुहैया कराने में दुनिया का अगुआ बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ रहा है।

नयी दिल्ली, 14 फरवरी पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है और इसका फार्मा क्षेत्र जीवन रक्षक दवाएं मुहैया कराने में दुनिया का अगुआ बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ रहा है।

नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दृष्टिकोण सिर्फ प्रत्येक भारतीय को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा मुहैया कराना ही नहीं बल्कि किफायती चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से स्वास्थ्य और फार्मा क्षेत्र में भारत ने नयी ऊंचाइयों को छुआ है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि कुछ अनुमानों के मुताबिक, भारत का फार्मा क्षेत्र 130 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल के एक कार्यक्रम में नकवी ने कहा, ''अमेरिकी मंजूरी वाले 10 से अधिक सक्रिय एपीआई उत्पादों वाली फार्मास्युटिकल सुविधाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। भारत इस क्षेत्र में दुनिया के अगुआ के तौर पर उभर रहा है।''

उन्होंने दावा किया कि आयुष्मान भारत, दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है और कुछ देशों को इससे ईर्ष्या है।

नकवी ने कहा, ''सरकार की मंशा यही है कि कोई भी न छूटे और मेरी पार्टी की मंशा भी यही है अंत्योदय। मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद देश में 16 नये एम्स स्थापित करने सहित स्वास्थ्य क्षेत्र में भारी बदलाव आया है।''

उन्होंने कहा, ''कोविड-19 अब इतिहास लगने लगा है। ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार ने इसे कुशलतापूर्वक संभाला। यह प्रधानमंत्री मोदी ही थे, जो सतर्क थे और उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि हम सभी त्वरित तरीके से कार्य करने के लिए तैयार रहें। सरकार, समाज और चिकित्सा जगत सभी ने पूरी प्रतिबद्धता दिखाई।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\