खेल की खबरें | इंग्लैंड को 465 रन पर आउट करने के बाद भारत को कुल 96 रन की बढ़त

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. जसप्रीत बुमराह (83 रन पर पांच विकेट) के पांच विकेट से इंग्लैंड को 465 रन पर आउट करने के बाद भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 90 रन बनाकर पहले क्रिकेट टेस्ट के वर्षा से प्रभावित तीसरे दिन अपनी कुल बढ़त 96 रन तक पहुंचाई।

लीड्स, 22 जून जसप्रीत बुमराह (83 रन पर पांच विकेट) के पांच विकेट से इंग्लैंड को 465 रन पर आउट करने के बाद भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 90 रन बनाकर पहले क्रिकेट टेस्ट के वर्षा से प्रभावित तीसरे दिन अपनी कुल बढ़त 96 रन तक पहुंचाई।

सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (नाबाद 47, 75 गेंद, सात चौके) और साई सुदर्शन (30) ने दूसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े लेकिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स (18 रन पर एक विकेट) ने दिन का खेल खत्म होन से कुछ समय पहले सुदर्शन को जैक क्राउली के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा।

बारिश के कारण जब समय से पहले दिन का खेल समाप्त किया गया तब कप्तान शुभमन गिल छह रन बनाकर राहुल का साथ निभा रहे थे।

इससे पहले बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा (128 रन पर तीन विकेट) और मोहम्मद सिराज (122 रन पर दो विकेट) ने पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड पर भारत को छह रन की मामूली बढ़त दिलाई। हैरी ब्रूक (99 रन, 112 गेंद, 11 चौके, दो छक्के) एक रन से शतक से चूक गए जबकि ओली पोप ने 106 रन बनाए।

बुमराह ने जोश टंग (11) को बोल्ड करके इंग्लैंड की पारी का अंत किया लेकिन इससे पहले निचले क्रम में क्रिस वोक्स (55 गेंद में 38 रन) ने तेजी से रन जुटाकर मेजबान टीम को भारत के 471 रन के स्कोर के करीब पहुंचाया।

दूसरी पारी में भारत की शुरुआत खराब रही और पहली पारी में शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल सिर्फ चार रन बनाने के बाद चौथे ओवर में ब्राइडन कार्स की गेंद पर विकेटकीपर जेमी स्मिथ को कैच दे बैठे।

सलामी बल्लेबाज राहुल और सुदर्शन ने इसके बाद पारी को संभाला।

राहुल ने वोक्स पर दो चौकों के साथ शुरुआत की जबकि पहली पारी में बिना रन बनाए पवेलियन लौटे सुदर्शन ने कार्स पर चौके से टेस्ट क्रिकेट में अपने रनों का खाता खोला।

राहुल और सुदर्शन दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी की। राहुल ने 10वें ओवर में कार्स पर भी दो चौके मारे और फिर शोएब बशीर पर चौके के साथ 13वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

सुदर्शन ने बेन स्टोक्स पर चौका मारा लेकिन 24 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब जोश टंग की गेंद पर बेन डकेट ने बैकवर्ड प्वाइंट पर उनका कैच टपका दिया।

सुदर्शन हालांकि इसका फायदा नहीं उठा पाए और स्टोक्स की गेंद पर शॉर्ट मिड विकेट पर क्राउली को कैच दे बैठे।

इससे पहले शुरुआती दो सत्र में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए। टीम ने सुबह के सत्र में 28 ओवर में 118 रन बनाने के बाद दूसरे सत्र में 23.4 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 138 रन जुटाए।

प्रसिद्ध ने शॉर्ट गेंद पर जेमी स्मिथ (40) और ब्रूक को आउट किया लेकिन अपनी 20 ओवर की गेंदबाजी में रन गति पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे।

गेंदबाजी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने सिर्फ छह ओवर गेंदबाजी की जिससे उनके चयन पर सवाल उठने लगे हैं।

बुमराह पूरी पारी के दौरान भारत के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 14वीं बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट चटकाए।

मैच में अब तक भारत का क्षेत्ररक्षण उसकी सबसे कमजोर कड़ी रही है। ब्रूक को 82 रन पर बुमराह की गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने दूसरा जीवनदान दिया।

ब्रूक हालांकि इन मौकों का फायदा उठाकर शतक नहीं बना सके और 88वें ओवर में 99 रन के स्कोर पर प्रसिद्ध की गेंद पर शार्दुल को कैच दे बैठे।

भारत ने 80 ओवर के बाद नई गेंद ली थी लेकिन टीम इसका अच्छा इस्तेमाल नहीं कर पाई।

टेस्ट शतक (भारत के खिलाफ 2018 में) जड़ चुके वोक्स ने सत्र के अंत में प्रसिद्ध की लगातार गेंदों पर मिड विकेट और थर्ड मैन पर छक्के मारे। उन्हें बुमराह ने बोल्ड किया जबकि सिराज ने ब्राइडन कार्स (22) की पारी का अंत किया।

इससे पहले इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 209 रन से की।

भारत ने सुबह के सत्र में कल के शतकवीर ओली पोप (106 रन, 137 गेंद, 14 चौके) और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स (20) के विकेट चटकाए।

दूसरे दिन की तरह तीसरे दिन भी प्रसिद्ध, शार्दुल और सिराज की तिकड़ी अपने साथी तेज गेंदबाज बुमराह की तरह सटीक गेंदबाजी करने में नाकाम रही।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले बुमराह की नोबॉल पर आउट होने वाले ब्रूक को 46 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला जब बाएं हाथ के स्पिनर रविंद्र जडेजा की तेजी से स्पिन होती गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत उनका कैच लपकने में नाकाम रहे।

इसी ओवर में ब्रूक ने अपना 12वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया जिससे भारतीय टीम की हताशा बढ़ गई जिसने अब तक मैच में कई कैच टपकाए हैं।

सुबह का सत्र हालांकि ब्रूक के नाम रहा जिन्होंने कई आकर्षक शॉट खेले।

प्रसिद्ध ने दिन के पहले ओवर में दो ढीली गेंद फेंकी जिसमें से एक पर ब्रूक ने प्वाइंट पर चौका और दूसरी पर मिड विकेट के ऊपर से छक्का जड़ा।

ब्रूक ने बुमराह सहित तेज गेंदबाजों के खिलाफ आगे बढ़कर खेलने की रणनीति अपनाई और एक्सट्रा कवर के ऊपर से ड्राइव लगाए।

प्रसिद्ध ने अगले ओवर में पोप को आउट किया जो उनकी शॉर्ट और वाइड गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में पंत को कैच दे बैठे।

स्टोक्स भी विकेट पर नजरें जमाने के बाद सिराज की गेंद पर पंत को कैच दे बैठे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी