जरुरी जानकारी | भारत ऊर्जा भंडारण सप्ताह में 20 से अधिक देशों के अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि होंगे शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अगले सप्ताह शुरू होने वाले भारत ऊर्जा भंडारण सप्ताह के 11वें संस्करण में 20 से अधिक देशों के सरकारी अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
नयी दिल्ली, दो जुलाई अगले सप्ताह शुरू होने वाले भारत ऊर्जा भंडारण सप्ताह के 11वें संस्करण में 20 से अधिक देशों के सरकारी अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
एक बयान के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के यशोभूमि सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित होने वाला भारत ऊर्जा भंडारण सप्ताह (आईईएसडब्ल्यू)-2025 आठ से 10 जुलाई तक चलेगा। इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, फिनलैंड, कनाडा, अमेरिका, इजराइल और दक्षिण कोरिया के 150 से अधिक प्रमुख साझेदार, प्रदर्शक और 1,000 से अधिक कंपनियों के भाग लेने की उम्मीद है।
भारत ऊर्जा भंडारण गठबंधन (आईईएसडब्ल्यू) भारत ऊर्जा भंडारण सप्ताह का आयोजन कर रहा है। इसमें 20 से अधिक देशों के मंत्रालयों, सरकारी प्रतिनिधियों और कंपनियों की भागीदारी की घोषणा की गयी है।
आईईएसडब्ल्यू में उभरती और भविष्य की ऊर्जा भंडारण प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में संभावनाएं टटोली जाएंगी। इसमें वीआरएफबी (वैनेडियम रेडोक्स फ्लो बैटरीज) सॉलिड-स्टेट बैटरी, लिथियम सल्फर, सोडियम आयन आदि शामिल हैं।
इस कार्यक्रम की एक खासियत यह है कि इसमें अत्याधुनिक समाधानों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
वैश्विक बाजारों को जोड़ने वाले एक मंच के रूप में, आईईएसडब्ल्यू-2025 का उद्देश्य भारतीय कंपनियों और समाधानों को अंतरराष्ट्रीय बैटरी और ऊर्जा भंडारण समुदाय के सामने प्रदर्शित करना है। साथ ही वैश्विक कंपनियों के लिए उभरते भारतीय बैटरी बाजार में प्रवेश को सुगम बनाना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)