देश की खबरें | रेड्डी और रिंकू की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से भारत ने बांग्लादेश को रौंदा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ... अमित आनंद...

... अमित आनंद...

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर नीतिश कुमार रेड्डी (74 रन और दो विकेट) के हरफनमौला खेल और रिंकू सिंह (53) के साथ चौथे विकेट के लिए 49 गेंद में 108 रन की साझेदारी से भारत ने तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के दूसरे मैच में बुधवार को बांग्लादेश को यहां 86 रन से शिकस्त देकर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

इक्कीस साल के रेड्डी ने 34 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और सात शानदार छक्के जड़े जबकि रिंकू ने 29 गेंद की पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाये। 

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 221 रन बनाने के बाद बांग्लादेश को नौ विकेट पर 135 रन पर रोक दिया।

भारत ने श्रृंखला का पहला मैच सात विकेट से जीता था। श्रृंखला का तीसरा मैच 12 अक्टूबर को हैदराबाद में खेला जायेगा।

बांग्लादेश के लिए इस प्रारूप में अपनी आखिरी अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेल रहे महमुदुल्लाह ने सबसे ज्यादा 41 रन का योगदान दिया। उन्होंने 39 गेंद की पारी में तीन छक्के लगाये

बल्ले से कमाल करने के बाद रेड्डी ने दो विकेट भी चटकाये। वरुण चक्रवर्ती को भी दो सफलता मिली।

रेड्डी और रिंकू के अलावा हरफनमौला हार्दिक पंड्या ने 19 गेंद में 32 रन का योगदान देकर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर दो विकेट लिये। तंजिम हसन और मुस्तफिजुर रहमान को भी दो-दो सफलता मिली लेकिन दोनों काफी महंगे रहे। रिशाद हुसैन ने 55 रन देकर तीन विकेट चटकाये।

लक्ष्य का पीछा करते हुए परवेज हुसैन इमोन (12 गेंद में 16 रन) ने अर्शदीप के पहले ओवर में तीन चौके जड़ आक्रामक शुरुआती की लेकन इस गेंदबाज ने अपने अगले ओवर में उन्हें बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलायी।

बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शंटो (सात गेंद में 11 रन) ने लगातार दो चौके के साथ हाथ खोला। लिटन दास ने रेड्डी के खिलाफ चौथे ओवर में बांग्लादेश की पारी का पहला छक्का लगाया।

वॉशिंगटन सुंदर के खिलाफ बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में शंटो लांगऑन पर खड़े हार्दिक पंड्या को कैच दे बैठे। अगले ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने लिटन (11 गेंद में 14 रन) को बोल्ड किया। पावरप्ले में बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 43 रन था।

अगले ओवर में गेंदबाजी के लिए आये तौहिद हृदोय (छह गेंद में दो रन) को अभिषेक शर्मा ने बोल्ड किया।

बढ़ती रन गति को कम करने के लिए महमुदुल्लाह ने 11वें ओवर में रियान पराग का स्वागत छक्के से किया लेकिन इस हरफनमौला ने ओवर की आखिरी गेंद पर मिराज (16 गेंद में 16 रन) को पवेलियन की राह दिखा दी।

मयंक यादव ने जाकेर अली की दो गेंद में एक रन की पारी को वॉशिंगटन के हाथों कैच कराकर की। पंड्या ने चक्रवर्ती की गेंद पर शानदार कैच लपककर रिशाद (10 गेंद में नौ) की पारी को खत्म किया।

महमुदुल्लाह ने 15वें ओवर में मयंक के खिलाफ छक्का लगाकर बांग्लादेश के रनों का शतक पूरा करने के बाद चक्रवर्ती की गेंद को भी दर्शकों के पास भेजा। अठारहवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये रेड्डी ने तंजिम हसन को आउट कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अपना पहला विकेट लेने के बाद महमुदुल्लाह को चलता किया। 

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर संजू सैमसन (सात गेंद में 10 रन) ने मिराज के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके जड़े तो वहीं अभिषेक शर्मा (11 गेंद में 15 रन) ने पहले ओवर को अंत चौके से किया।

सैमसन अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा पाये और तस्कीन की गेंद पर नजमुल हसन शंटो को कैच थमा बैठे।  

अभिषेक तंजिम के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके लगाने के बाद बोल्ड हो गये। कप्तान सूर्यकुमार यादव (आठ) के छठे ओवर में मुस्तफिजूर की गेंद पर आउट होने के बाद भारत की मुश्किलें बढ़ गयी थी लेकिन क्रीज पर आये रिंकू सिंह ने इस ओवर में चौका जड़ा जिससे पावर प्ले में भारत का स्कोर दो विकेट पर 45 रन हो गया।

रिंकू ने आठवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये रिशाद के खिलाफ मैच का पहला छक्का जड़ा तो वहीं रेड्डी ने महमुदुल्लाह के खिलाफ फ्री-हिट का फायदा उठाते हुए गेंद को दर्शकों के पास भेजा।

भारतीय टीम ने 10वें ओवर से 24 रन बटोर कर शतक पूरा किया। रिशाद के इस ओवर में रेड्डी ने दो वहीं रिंकू ने एक छक्का लगाया।

रेड्डी ने तस्कीन के खिलाफ चौका लगाने के बाद एक रन के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। इस युवा बल्लेबाज ने 13वें ओवर में मिराज के खिलाफ तीन छक्के और एक चौका लगाकर रिंकू सिंह के साथ 45 गेंद में शतकीय साझेदारी पूरी की। टीम ने इस ओवर से 26 रन बटोरे।

वह मुस्तफिजूर की गेंद पर मिराज को कैच देकर पवेलियन लौटे।

उनके आउट होने से हालांकि भारतीय रन गति पर कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि पंड्या ने क्रीज पर आते ही रिशाद के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ दिया।

रिंकू ने तंजिम के खिलाफ 16वें ओवर में दो चौके और एक छक्का के साथ 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह तस्कीन की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर खड़े जाकेर अली के हाथों लपके गये।

रियान पराग (छह गेंद में 15 रन) ने भी 19वें ओवर में तंजिम के खिलाफ दो छक्के जड़ने के बाद पवेलियन लौटे तो वहीं रिशान ने अंतिम ओवर में पंड्या को चलता किया।

इस ओवर में अर्शदीप के छक्का लगाकर टीम के स्कोर को 220 तक पहुंचा दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी