देश की खबरें | हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा सहयोग की संभावनाएं तलाश रहे भारत और बेल्जियम

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और बेल्जियम ने सोमवार को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में द्विपक्षीय समुद्री सुरक्षा सहयोग की संभावना पर चर्चा की और रक्षा संबंधी औद्योगिक संबंधों को बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया।

नयी दिल्ली, तीन मार्च भारत और बेल्जियम ने सोमवार को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में द्विपक्षीय समुद्री सुरक्षा सहयोग की संभावना पर चर्चा की और रक्षा संबंधी औद्योगिक संबंधों को बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया।

बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच हुई बैठक में भारत-बेल्जियम रक्षा संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर प्रमुखता से चर्चा हुई।

दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच एक संस्थागत रक्षा सहयोग तंत्र की स्थापना की संभावना तलाशने पर भी सहमति जताई। बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रेंकेन भी बेल्जियम के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।

राजकुमारी एस्ट्रिड भारत में एक आर्थिक मिशन का नेतृत्व कर रही हैं जिसमें शीर्ष मंत्री और कारोबारी दिग्गज शामिल हैं।

रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा संबंधों की संभावना पर चर्चा की, खासकर समुद्री क्षेत्र में।’’

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘उन्होंने सुझाव दिया कि बेल्जियम की कंपनियां भारत में अपनी मौजूदगी का विस्तार करके और भारतीय विक्रेताओं को अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं में एकीकृत करके महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।’’

इसके अलावा, दोनों देश संस्थागत रक्षा सहयोग तंत्र की खोज करने पर सहमत हुए। पिछले कुछ वर्षों में भारत-बेल्जियम संबंधों में लगातार विस्तार हुआ है। संबंधों के केंद्र में पारंपरिक रूप से व्यापार और निवेश रहा है।

बेल्जियम जिन देशों को सर्वाधिक निर्यात करता है उनमें भारत का स्थान 14वां है, जबकि जिन देशों से वह सर्वाधिक आयात करता है उनमें भारत 16वें स्थान पर है।

वर्ष 2021 में, बेल्जियम और भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार कुल 12.22 अरब यूरो था। 2021 में भारत से बेल्जियम का आयात कुल 6.07 अरब यूरो था, जबकि भारत को बेल्जियम का निर्यात 6.15 अरब यूरो था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\