देश की खबरें | ‘इंडिया’ गठबंधन ने हार स्वीकार कर ली है: मोदी ने तमिलनाडु की रैली में कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों ने ‘हार स्वीकार कर ली है’ लेकिन उनका इरादा लूटने का है।

तिरुपुर, 27 फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों ने ‘हार स्वीकार कर ली है’ लेकिन उनका इरादा लूटने का है।

मोदी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) और कांग्रेस की आलोचना की और अन्नाद्रमुक के नेताओं दिवंगत एम जी रामचंद्रन और जे जयललिता की विरासत का उल्लेख किया।

मोदी ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई की राज्यव्यापी यात्रा ‘एन मन एन मक्कल’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान, केंद्र की भाजपा सरकार ने तमिलनाडु में विकास परियोजनाओं के लिए पहले की तुलना में अधिक धनराशि दी है। मोदी का ‘पहले की तुलना’ से आशय परोक्ष तौर पर केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासन काल से था।

मोदी ने कहा, " ‘इंडिया’ के घटक दलों ने हार स्वीकार कर ली है लेकिन उनका इरादा लूटने का है। लेकिन लोगों ने ऐसे किसी भी प्रयास को रोकने का मन बना लिया है... तमिलनाडु में भी भाजपा भ्रष्टाचार की राजनीति को खत्म करने की तैयारी कर रही है।"

उन्होंने कहा कि वर्ष 2004-2014 के दौरान, लंबे समय से सहयोगी, द्रमुक और कांग्रेस ने संप्रग शासन में सत्ता साझा की लेकिन उन्होंने कभी भी तमिलनाडु के विकास को प्राथमिकता देने की जहमत नहीं उठायी।

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान कोई विकास नहीं हुआ, जबकि भाजपा शासन तमिलनाडु के विकास को सुनिश्चित करने के लिए समर्पित प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना के तहत तमिलनाडु के उद्यमियों को 2 लाख करोड़ रुपये दिये गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘विपक्षी दल जो वर्तमान में तमिलनाडु पर हावी हैं, वे तमिलनाडु को कभी विकसित नहीं होने देंगे। हजारों करोड़ रुपये के रक्षा सौदों में संलिप्त कांग्रेस ने क्या कभी तमिलनाडु में रक्षा गलियारे बनाने की अनुमति दी थी। आज, जब देश रक्षा क्षेत्र में कई गुना अधिक निर्यात कर रहा है, युवाओं को रोजगार दे रहा है, क्या कांग्रेस ऐसा होने देती? हमने कपड़ा उद्योग के लिए पीएलआई योजना शुरू की है। इसके परिणामस्वरूप, लगभग 20,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। लगभग दो लाख करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन उनके द्वारा किए गए सभी कार्यों को देखता है तो वे परेशान हो जाते हैं।

उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में वातानुकूलित कमरों में बैठे लोगों, ‘‘भारत को तोड़ने की निरर्थक कोशिश करने वालों को यहां आना चाहिए और देखना चाहिए कि तमिलनाडु इतिहास रचने जा रहा है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘जो लोग गठबंधन करते हैं उन्हें ध्यान देना चाहिए कि तमिलनाडु भारत के भाग्य का नेतृत्व करने जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भले ही तमिलनाडु में कभी सत्ता में नहीं रही, लेकिन तमिलनाडु हमेशा से भाजपा के दिल में रहा है।

मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने दशकों तक तमिलनाडु को लूटा, वे अब राज्य में भाजपा की बढ़ती ताकत से डरे हुए हैं और झूठ बोलकर, लोगों को बांटकर और उन्हें लड़ाकर 'सत्ता बचाने' का इरादा रखते हैं।

उन्होंने जनसभा में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "लेकिन तमिलनाडु के लोग जितने बुद्धिमान हैं, उतने ही दिल के भी साफ हैं। वे सच्चाई जानते हैं, वे वास्तविकता जानते हैं।"

मोदी ने 'सबका साथ, सबका विकास' का नारा लगाकर सबके विकास का संदेश देने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "जब मोदी काम करता है, तो वह सभी के लिए काम करता है।"

उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार (चुनाव के बाद) अपने तीसरे कार्यकाल में एक विकसित भारत के निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर रही है, ‘इंडिया’ गठबंधन में मोदी के लिए नफरत भरी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘क्या आपने उनकी (इंडिया गठबंधन) किसी पार्टी को विकास, अर्थव्यवस्था, उद्योग या शिक्षा के बारे में बात करते सुना है? उनकी एकमात्र चिंता यह है कि अपने पारिवारिक व्यवसायों को कैसे चलाया जाए। अपने परिवारों को बढ़ावा देकर, उन्होंने तमिलनाडु में हर युवा के विकास में बाधा उत्पन्न की है।’’

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एमजीआर ने वंशवाद की राजनीति नहीं की। मोदी ने द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) की वंशवाद की राजनीति को रामचंद्रन का अपमान बताया - जिन्हें तमिलनाडु के लोग आज भी उनके काम के लिए याद करते हैं।

मोदी ने कहा, "एमजीआर एक सच्चे नेता थे। आज, दुर्भाग्य से, द्रमुक जिस तरह से तमिलनाडु में काम कर रही है, वह एमजीआर साहब का अपमान है।"

उन्होंने कहा कि एमजीआर ने प्रतिभा के आधार पर लोगों को बढ़ावा दिया, न कि परिवार के आधार पर। मोदी ने कहा, "एमजीआर के बाद अगर कोई था, तो वह 'अम्मा' जयललिता जी थीं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों के कल्याण के लिए लगा दिया।" जयललिता को उनके समर्थक ‘अम्मा’ कहकर संबोधित करते थे।

मोदी ने कहा कि उनका तमिलनाडु के साथ भावनात्मक जुड़ाव है और उन्होंने देश के साथ ही राज्य की महान विरासत का सम्मान करते हुए संसद में 'सेंगोल' स्थापित किया है। वर्तमान लोकसभा में भाजपा का तमिलनाडु से एक भी सदस्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की एकता यात्रा 1991 तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जिसका उद्देश्य श्रीनगर के लाल चौक पर भारतीय ध्वज फहराना और अनुच्छेद 370 को हटाना था। उन्होंने कहा कि लेकिन आज दोनों मिशन हासिल कर लिये गए हैं।

अन्नामलाई की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य भाजपा प्रमुख की ‘एन मन एन मक्कल यात्रा' बड़ी सफल रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' का संदेश घर-घर तक पहुंचाने में मदद मिली है।

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक नागरिक के लिए 'मोदी गारंटी' पर जोर दिया, जिसमें मुफ्त अनाज और ग्रामीण परिवारों के लिए आवास शामिल है। उन्होंने तमिलनाडु में भ्रष्टाचार की राजनीति को खत्म करने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने की भाजपा की प्रतिबद्धता दोहरायी।

इससे पहले कार्यक्रम स्थल पर मोदी का जोरदार स्वागत किया गया।

बैठक स्थल पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता थे और वे 'भारत माता की जय' और 'वेंदुम मोदी मीनदुम मोदी' (हम एक बार फिर मोदी चाहते हैं) के नारे लगा रहे थे।

कार्यक्रम स्थल पर इरोड के लोगों ने हल्दी बोर्ड की स्थापना के लिए धन्यवाद देने के लिए प्रधानमंत्री को 67 किलोग्राम की हल्दी की माला उपहार में दी। इरोड को हल्दी केंद्र के रूप में जाना जाता है।

नीलगिरि से तोडा आदिवासी समुदाय के हस्तनिर्मित शॉल और जल्लीकट्टू बैल की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की गई।

उन्होंने कहा कि वह पश्चिमी 'कोंगु' क्षेत्र के हिस्से पल्लडम में आकर खुश हैं, जो "कई मायनों में भारत की विकास गाथा का प्रतिनिधित्व करता है।"

अन्नामलाई की राज्यव्यापी ‘एन मन एन मक्कल’ (मेरी भूमि, मेरे लोग) यात्रा की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 28 जुलाई, 2023 को रामेश्वरम में की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now