जरुरी जानकारी | दिल्ली में हस्तांतरण शुल्क एक प्रतिशत बढ़ाने से संपत्ति खरीदारों पर बढ़ेगा बोझ: रियल्टी सलाहकार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में एकीकृत नगर निगम द्वारा 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति (प्रॉपर्टी) के हस्तांतरण शुल्क में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी के फैसले से खरीदारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
नयी दिल्ली, एक जून दिल्ली में एकीकृत नगर निगम द्वारा 25 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति (प्रॉपर्टी) के हस्तांतरण शुल्क में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी के फैसले से खरीदारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
रियल एस्टेट सलाहकारों के मुताबिक, इस फैसले से द्वितीयक प्रॉपर्टी बाजार में लेनदेन भी विपरीत रूप से प्रभावित होगा।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में प्रॉपर्टी खरीदना महंगा होने वाला है, क्योंकि एकीकृत नगर निगम ने शहर में 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति पर हस्तांतरण शुल्क में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है।
इस बढ़ोतरी के बाद हस्तांतरण शुल्क पुरुष खरीदारों के लिए चार प्रतिशत और महिला खरीदारों के लिए तीन प्रतिशत हो जाएगा।
इस फैसले पर टिप्पणी करते हुए इंडिया सोथबीज इंटरनेशनल रियल्टी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमित गोयल ने कहा, ‘‘हम एकीकृत एमसीडी के इस फैसले से हैरान हैं कि 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति की खरीद पर हस्तांतरण शुल्क एक प्रतिशत बढ़ा दिया जाएगा। इस फैसले से खरीदारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।’’
उन्होंने कहा कि ऐसे वक्त में जब आवास कर्ज महंगा हो रहा है, इस फैसले से क्षेत्र में सुधार की उम्मीदों को झटका लगेगा।
कोलियर्स इंडिया की सलाहकार सेवा के निदेशक आशुतोष कश्यप ने कहा कि हस्तांतरण शुल्क में प्रस्तावित बढ़ोतरी से द्वितीयक बाजार में लेनदेन की लागत बढ़ जाएगी और इस कारण डेवलपर से प्राथमिक बाजार में प्रॉपर्टी खरीदना अधिक आकर्षक हो जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)