देश की खबरें | तीन साल में राजस्थान की 11 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनेंगी: मुख्यमंत्री शर्मा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार नारी शक्ति के उत्थान के लिए संकल्पित है और राज्य की 11 लाख से अधिक महिलाएं आगामी तीन वर्षों में लखपति दीदी बनेंगी।
जयपुर, छह मार्च मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार नारी शक्ति के उत्थान के लिए संकल्पित है और राज्य की 11 लाख से अधिक महिलाएं आगामी तीन वर्षों में लखपति दीदी बनेंगी।
शर्मा बुधवार को देशव्यापी शक्ति वंदन अभियान के समापन के अवसर पर जयपुर में आयोजित समारोह को डिजिटल माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
एक बयान के अनुसार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केन्द्र और राज्य सरकार नारी शक्ति के उत्थान के लिए कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए केन्द्र सरकार ने कई योजनाएं शुरू कीं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री हर घर शौचालय योजना, हर घर नल योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना तथा पीएम आवास योजना जैसे कार्यक्रमों एवं योजनाओं के कारण देश की करोड़ों महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं में कौशल विकास कर उनकी सालाना आमदनी एक लाख रुपये की जाएगी।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश की तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। राजस्थान में भी इस योजना पर तेज गति से काम चल रहा है।
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रदेश की 11 लाख 24 हजार महिलाओं को अगले तीन वर्षों में चरणबद्ध रूप से लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया है, जिनमें से 2.80 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी की श्रेणी में आ चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की पहल पर संसद ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया है। इसके प्रभावी होने के बाद महिलाओं को लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा और उनकी लोकतंत्र में भागीदारी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का आत्मसम्मान बढ़ेगा तो देश सशक्त होगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नारी शक्ति के उत्थान का संकल्प पूरा होगा।
पृथ्वी कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)