जरुरी जानकारी | ग्रेटर नोएडा के ‘मास्टर प्लान 2041’ के दूसरे चरण में औद्योगिक विकास को दी जाएगी गति
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के ‘मास्टर प्लान 2041’ के तहत दूसरे चरण में औद्योगिक विकास को गति देने की तैयारी है।
ग्रेटर नोएडा, 22 मई उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के ‘मास्टर प्लान 2041’ के तहत दूसरे चरण में औद्योगिक विकास को गति देने की तैयारी है।
योजना के तहत उद्योग, लॉजिस्टिक पार्क, मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब और आधुनिक टाउनशिप के लिए करीब 14,192 हेक्टेयर जमीन आरक्षित की गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन. जी. रवि ने बताया कि यह अबतक का सबसे बड़ा औद्योगिक भूमि आरक्षण है। इस निर्णय से क्षेत्र में लॉजिस्टिक पार्क, मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब, टाउनशिप और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।
प्राधिकरण दूसरे चरण के लिए विकास का खाका तैयार कर रहा है। दल मौके पर परीक्षण कर रहे हैं, जिससे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके।
उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा में पहले चरण में अब तक 19 औद्योगिक सेक्टर में 2,750 इकाइयों को भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। वहीं दूसरे चरण में इससे कई गुना अधिक इकाइयों को भूमि उपलब्ध कराई जा सकेगी। बोड़ाकी गांव के पास प्रस्तावित ‘मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब’ के लिए रेल पटरियों की संख्या तय करने पर मंथन जारी है। हाल ही में दिल्ली में इस संबंध में उच्च स्तरीय बैठक भी हुई थी।
ग्रेटर नोएडा पहले से ही इलेक्ट्रॉनिक, विनिर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों का केंद्र बन चुका है। दूसरे चरण के विकास से यह क्षेत्र राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय निवेश के लिए और अधिक आकर्षक बनेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)