देश की खबरें | मुंबई में गायक ने बांद्रा-वर्ली ‘सी-लिंक’ पर किया खतरनाक स्टंट, दर्ज हुई प्राथमिकी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस ने बांद्रा-वर्ली सी-लिंक के किनारे पर चढ़कर कथित रूप से खतरनाक स्टंट करने के आरोप में बॉलीवुड गायक और गीतकार यासेर देसाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मुंबई, नौ जुलाई मुंबई पुलिस ने बांद्रा-वर्ली सी-लिंक के किनारे पर चढ़कर कथित रूप से खतरनाक स्टंट करने के आरोप में बॉलीवुड गायक और गीतकार यासेर देसाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने बुधवार को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया मंचों पर व्यापक रूप से साझा किए जा रहे एक वीडियो में गायक ‘सी-लिंक’ ब्रिज के किनारे खड़े नज़र आ रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी एक व्यक्ति ने गायक को पुल के किनारे पर चढ़ते देखा जबकि उनके दो साथी इसकी शूटिंग कर रहे थे।
स्टंट करने के बाद, समूह अपनी कार में बैठकर पुल से चला गया।
उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी ने भी घटना का वीडियो बनाया और उसे मुंबई पुलिस को भेज दिया। पुलिस ने नंबर प्लेट की मदद से कार का पता लगाने की कोशिश की।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह पता चला कि सीलिंक के किनारे पर खड़े व्यक्ति गायक यासेर देसाई हैं।
उन्होंने बताया कि बांद्रा पुलिस ने मंगलवार को देसाई और उसके दो साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 (सार्वजनिक मार्ग में बाधा या खतरा पैदा करना), 281 (तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना), 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) और 3(5) (साझा मंशा) तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गायक और उसके दोनों सहयोगियों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)