देश की खबरें | आईफा 2025 में शाहिद कपूर, करीना कपूर खान ने साझा किया मंच

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर और अभिनेत्री करीना कपूर खान ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (आईफा) के 25वें संस्करण के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मंच साझा किया।

जयपुर, आठ मार्च बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर और अभिनेत्री करीना कपूर खान ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (आईफा) के 25वें संस्करण के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मंच साझा किया।

'36 चाइना टाउन', 'चुप चुप के', 'फिदा' और 'जब वी मेट' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके शाहिद और करीना के बीच 2000 के दशक की शुरुआत में कई साल तक प्रेम संबंध रहे लेकिन 2007 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने 2016 में ‘उड़ता पंजाब’ में काम किया, लेकिन वे फिल्म में एक साथ नजर नहीं आए।

शाहिद और करीना जयपुर में सप्ताहांत में आयोजित हो रहे आईफा पुरस्कार में मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों में शामिल हैं।

शाहिद ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम आईफा पुरस्कार के लिए जयपुर आकर बहुत खुश हैं। इसके 25 साल पूरे हो रहे हैं, इसके लिए बहुत-बहुत बधाई। हम उत्साहित हैं। हम लोगों के सामने मंच पर प्रस्तुति देना चाहते हैं। हमें उम्मीद है कि हम आप सभी का मनोरंजन कर पाएंगे।’’

करीना ने कहा कि वह पुरस्कार समारोह में अपनी प्रस्तुति के जरिए अपने दिवंगत दादा और दिग्गज फिल्म निर्माता राज कपूर को श्रद्धांजलि देने का मौका मिलने से खुश हैं। राज कपूर की जन्म शताब्दी पिछले साल मनाई गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं बहुत उत्साहित हूं। यह मेरे लिए एक भावुक करने वाला क्षण है। मुझे कल का बेसब्री से इंतजार है।’’

इस कार्यक्रम में कार्तिक आर्यन, कृति सनोन, बॉबी देओल, माधुरी दीक्षित और करण जौहर जैसे फिल्मी कलाकार भी मौजूद रहे। जयदीप अहलावत, विजय वर्मा, अली फजल, अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना, निमृत कौर, करिश्मा तन्ना, नुसरत भरुचा, रवि किशन, श्रेया घोषाल, नोरा फतेही और सचिन-जिगर भी इसमें शामिल हुए। शाहिद और करीना गले मिलते और बाद में बातचीत करते भी देखे गए।

जयपुर में शनिवार से आयोजित दो दिवसीय इस पुरस्कार समारोह की मेजबानी जौहर और आर्यन करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\