देश की खबरें | मप्र के छतरपुर में किसान की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में खेत में जानवर के घुस जाने को लेकर हुए विवाद में एक किसान की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
छतरपुर (मप्र), दो जुलाई मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में खेत में जानवर के घुस जाने को लेकर हुए विवाद में एक किसान की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।
उन्होंने बताया कि यह घटना छतरपुर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर बमीठा थाना क्षेत्र के खैरी गांव में मंगलवार शाम छह बजे के करीब हुई।
बमीठा थाना प्रभारी अमित श्रोती ने बताया कि मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि खैरी निवासी शंकर पटेल (44) नाम के एक किसान की हत्या कर दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘शंकर पटेल का शव एक पेड़ के पास नग्न अवस्था में मिला था। लग रहा है कि उसे लाठी डंडों से पीटा गया। मृतक के सिर, हाथ और पैरों पर चोट की गंभीर निशान हैं। पोस्टमार्टम और एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद बहुत सारी स्थिति स्पष्ट होंगी।’’
श्रोती ने कहा कि प्रथम दृष्टया इस मामले में नौ आरोपी सम्मिलित पाए गए हैं, जिनमें छह पुरुष और तीन महिलाएं हैं।
उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘सभी बिंदुओं पर विवेचना जारी है। तीन महिला और तीन पुरुष सहित कुल छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और शेष तीन लोगों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
श्रोती ने बताया कि खेत में जानवर के घुसने को लेकर यह विवाद शुरू हुआ, जिसने बाद में हत्या का रूप ले लिया। उन्होंने बताया कि साल में 2003 में मृतक के पिता की जमीन के एक विवाद में हत्या कर दी गई थी और उस मामले में दोषी को 14 वर्ष की सजा हुई थी। उन्होंने कहा कि हालांकि ताजा प्रकरण में उस आरोपी का नाम नहीं है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)