देश की खबरें | असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार, 12 जिलों में 3.37 लाख लोग प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार के साथ राज्य के 12 जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों की जनसंख्या घटकर अब लगभग 3.37 लाख रह गई है और प्रभावित क्षेत्र का दायरा भी कम हुआ है।
गुवाहाटी/रंगिया, आठ जून असम में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार के साथ राज्य के 12 जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों की जनसंख्या घटकर अब लगभग 3.37 लाख रह गई है और प्रभावित क्षेत्र का दायरा भी कम हुआ है।
आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, इस साल बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक कुल 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
इसमें कहा गया कि ब्रह्मपुत्र सहित प्रमुख नदियों का जलस्तर घट रहा है, हालांकि इनमें से कुछ अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
शनिवार शाम तक धुबरी में ब्रह्मपुत्र नदी, धरमतूल में कोपिली नदी, बीपी घाट क्षेत्र में बराक नदी तथा श्रीभूमि में कुशियारा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही थीं।
आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, बाढ़ से 12 जिलों के कुल 3,37,358 लोग प्रभावित हुए हैं, जिसमें श्रीभूमि में सबसे अधिक 1.93 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
बुलेटिन में कहा गया कि हैलाकांडी में 73,724 और कछार में 56,398 लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं तथा राज्य में 36,000 से अधिक विस्थापित लोग 133 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। 68 राहत वितरण केंद्र भी कार्यरत हैं।
राज्य में 12,659 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य भी बाढ़ से प्रभावित हैं।
इस बीच, अंतर्देशीय जल परिवहन (आईडब्ल्यूटी) विभाग की विज्ञप्ति में कहा गया कि रविवार को गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी में नौका सेवाएं आंशिक रूप से फिर से शुरू होंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)