देश की खबरें | आईएमए ने एनएमसी लोगो में हिंदू देवता को दर्शाने पर आपत्ति जताई, धार्मिक चिह्न से परे लोगो की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने रविवार को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के लोगो में हिंदू देवता धन्वंतरि को चित्रित करने पर आपत्ति जताई और उससे धार्मिक चिह्नों से परे लोगो अपनाने का आग्रह किया।
नयी दिल्ली, तीन दिसंबर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने रविवार को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के लोगो में हिंदू देवता धन्वंतरि को चित्रित करने पर आपत्ति जताई और उससे धार्मिक चिह्नों से परे लोगो अपनाने का आग्रह किया।
हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, धन्वंतरि देवताओं के चिकित्सक हैं।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की केरल इकाई ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से नाराजगी जताते हुए कहा था कि लोगो में हालिया बदलाव स्वीकार्य नहीं है। उसने लोगो में ‘इंडिया’ के स्थान पर ‘भारत’ लिखने पर भी नाराजगी का इजहार किया था।
हालांकि, आयोग ने कहा कि उक्त लोगो का उपयोग गत एक वर्ष से अधिक समय से किया जा रहा है।
आईएमए ने रविवार को कहा, ‘एनएमसी ने धार्मिक चित्रण के साथ एक नया लोगो अपनाया है। एनएमसी का नया लोगो चिकित्सकों के रूप में हमारे मौलिक मूल्यों के विपरीत है।’’
इसने कहा, ‘‘यह चिकित्सकों की शपथ और कर्तव्य के अनुरूप नहीं है, जो किसी धर्म विशेष के प्रति नहीं है। ऐसा लोगो एनएमसी जैसी संस्था की गरिमा और मर्यादा के साथ भी असंगत है।’’
एनएमसी के नैतिक और चिकित्सा पंजीकरण बोर्ड के सदस्य और मीडिया प्रभाग के प्रमुख डॉ. योगेन्द्र मलिक ने पूर्व की आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा था, ‘‘हमारे पास ‘इंडिया’ वाला लोगो कभी नहीं था। हमारे पास पहले कोई लोगों नहीं था। लगभग एक साल पहले ही एनएमसी सुझाव लेने के बाद लोगो के साथ आया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ धनवंतरी का लोगो एक साल से अधिक समय तक श्वेत और श्याम स्वरूप में था और हमें महसूस हुआ कि इसे रंगीन बनाने की जरूरत है। इसलिए मात्र यह बदलाव किया गया। मुझे समझ नहीं आ रहा कि आलोचना क्यों हो रही है।’’
मलिक ने आगे स्पष्ट किया था कि ‘इंडिया’ को महज ‘भारत’ से बदला गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)