देश की खबरें | आईआईटी मंडी ने कनिष्ठ छात्रों की रैगिंग के लिए 72 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आईआईटी, मंडी ने संस्थान में एक कार्यक्रम के दौरान अपने कनिष्ठ छात्रों के साथ रैगिंग करने के आरोप में 10 छात्रों को निलंबित कर दिया है और 62 अन्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मंडी/शिमला, छह सितंबर आईआईटी, मंडी ने संस्थान में एक कार्यक्रम के दौरान अपने कनिष्ठ छात्रों के साथ रैगिंग करने के आरोप में 10 छात्रों को निलंबित कर दिया है और 62 अन्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘हाल में रैगिंग की एक घटना संस्थान के संज्ञान में आई। यह पाया गया कि बी. टेक के कुछ छात्र नये छात्रों की रैगिंग में शामिल थे। घटना में शामिल 72 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।’’

बयान में कहा गया कि आईआईटी मंडी यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि परिसर में सभी छात्र सुरक्षित महसूस करें और उन्हें किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का सामना न करना पड़े।

इसमें कहा गया है कि संस्थान छात्रों को ऐसी घटनाओं की तुरंत रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित करता है ताकि सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और परिसर में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

संस्थान के छात्र संगठन के तीन पदाधिकारी उन 10 छात्रों में शामिल हैं, जिन्हें दिसंबर 2023 तक शैक्षणिक गतिविधियों और छात्रावास से निलंबित कर दिया गया है।

बयान में कहा गया है कि घटना में संलिप्तता को लेकर आरोपी छात्रों पर 15,000 रुपये से 25,000 रुपये तक का जुर्माना और 20 से 60 घंटे की सामुदायिक सेवा का दंड दिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, प्रथम वर्ष के छात्रों ने अधिकारियों को भेजी गुप्त शिकायतों में आरोप लगाया था कि एक कार्यक्रम के दौरान, कुछ वरिष्ठ छात्र उन पर चिल्लाये और उन्हें कोने में खड़ा कर दिया।

घटना गत 11 अगस्त की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now