देश की खबरें | अगर मीडिया कमजोर हुआ, तो लोकतंत्र भी कमजोर हो जाएगा : राजस्थान के पीएचईडी मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री महेश जोशी ने मीडिया को बुधवार को एक अदृश्य शक्ति करार दिया और कहा कि अगर यह कमजोर होता है तो लोकतंत्र भी कमजोर हो जाएगा।

जयपुर,20 अप्रैल राजस्थान के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री महेश जोशी ने मीडिया को बुधवार को एक अदृश्य शक्ति करार दिया और कहा कि अगर यह कमजोर होता है तो लोकतंत्र भी कमजोर हो जाएगा।

जोशी ने पीटीआई (प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया) कर्मचारी संघ के ‘ऑल इंडिया फेडरेशन’ की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है, हालांकि संविधान में ऐसे किसी स्तंभ का उल्लेख नहीं है, पर फिर भी मीडिया विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका पर करीब से नजर रखता है।’’

जोशी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के प्रसार के चलते मीडिया की विश्वसनीयता बहुत बदल गयी है। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों पर लोकतंत्र खड़ा है अगर उन्हें ही कमजोर कर दिया गया तो लोकतंत्र को मजबूत नहीं किया जा सकता।

उन्होंने मीडिया के लोगों को एकजुट होने तथा लोकतंत्र के समक्ष मौजूद चुनौतियों का डटकर मुकाबला करने की अपील की।

समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष अर्चना शर्मा ने कहा कि वर्तमान संदर्भ में समाचारों का स्वरूप बदल गया है। उन्होंने कहा कि मीडियाकर्मियों ने (कोविड-19) महामारी की दूसरी लहर के दौरान गंगा में तैरते शवों, अस्पतालों और अन्य स्थानों पर लोगों की स्थिति आदि पर खबरें देते हुए अपनी जान को खतरे में डाला।

शर्मा ने कहा कि यह सभी के लिए जरूरी है कि खबरों की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बरकरार रहे।

पीटीआई कर्मचारी संघ के ‘ऑल इंडिया फेडरेशन’ के महासचिव एम एस यादव ने मीडिया के समक्ष मौजूद चुनौतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों और अन्य मीडिया कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए।

वार्षिक आम बैठक के एक अन्य सत्र को संबोधित करते हुए तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष गर्ग ने कहा कि गहलोत सरकार पत्रकारों सहित समाज के सभी वर्गों के हित में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना करने का मीडिया का अधिकार बरकरार रहना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\