मुंबई, 11 अप्रैल अभिनेता अक्षय कुमार ने शुक्रवार को कहा कि कोई बेवकूफ ही होगा, जो उनकी ‘‘पैडमैन’’ जैसी सामाजिक संदेश देने वाली फिल्मों की आलोचना करेगा। लेकिन जैसे ही उन्हें बताया गया कि जया बच्चन ने उनकी ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ फिल्म की आलोचना की है तो अक्षय ने तुरंत अपना बयान वापस लिया और कहा कि ‘अगर उन्होंने ऐसा कहा है, तो सही ही कहा होगा।’
अक्षय कुमार ने कहा, ‘‘अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो सही ही होगा। मुझे नहीं पता। अगर मैंने ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ जैसी फिल्म बनाकर गलती की है, अगर वह ऐसा कहती हैं तो यह सही ही होगा।’’
लेकिन इससे पहले अभिनेता से जब पत्रकारों ने सवाल किया कि उनकी सामाजिक और राजनीतिक विषय पर आधारित फिल्मों की कोई आलोचना नहीं होती होगी तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि किसी ने मेरी फिल्मों की आलोचना की है, कोई बेवकूफ ही होगा जो ऐसी आलोचना करेगा। मेरी ‘पैडमैन’, ‘एयरलिफ्ट’ और ‘टॉयलेट-एक प्रेम कथा’, ‘केसरी’ और ‘केसरी-2’ जैसी कई फिल्में हैं... मैंने ये फिल्में पूरे दिल से बनाई हैं। एक फिल्म लोगों को बहुत कुछ सिखाती है। मुझे नहीं लगता कि किसी ने इसकी आलोचना की है।’’
फिल्म ‘‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’’ ने खुले में शौच के खिलाफ सरकार के अभियान को बढ़ावा दिया है।
जया बच्चन ने हाल ही में समाचार चैनल इंडिया टीवी को दिए गए एक साक्षात्कार में कहा था कि वह कभी भी ऐसी फिल्म नहीं देखेंगी जिसके शीर्षक में शौचालय हो।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं ऐसे नाम वाली फिल्म कभी नहीं देखूंगी। क्या यह सचमुच कोई नाम है?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY