देश की खबरें | मैंने नीतीश कुमार को दो बार मुख्यमंत्री बनाकर बचाया, वरना उनकी पार्टी खत्म हो जाती : तेजस्वी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके पद पर बने रहने और जनता दल (यूनाइटेड) को टूटने से बचाने में ‘‘दो बार’’ मदद की।

पटना, पांच मार्च राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके पद पर बने रहने और जनता दल (यूनाइटेड) को टूटने से बचाने में ‘‘दो बार’’ मदद की।

पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी मंगलवार को विधानसभा में जद (यू) अध्यक्ष के उस बयान के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे, जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा था कि ‘‘मैंने ही आपके (तेजस्वी) पिता लालू प्रसाद (राजद अध्यक्ष) को मुख्यमंत्री बनने में मदद की थी, जबकि उन्हें अपनी जाति के लोगों का भी समर्थन नहीं था।’’

मंगलवार को बिहार विधानमंडल के संयुक्त सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री कुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी।

बुधवार को विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए यादव ने कहा, ‘‘कल नीतीश कुमार जी ने विधानसभा में कहा था कि उन्होंने लालू यादव को मुख्यमंत्री बनाया। उनकी बात छोड़िए... उन्होंने तो पूरे ब्रह्मांड को बनाया।’’

राजद नेता ने कहा, ‘‘संसार की उत्पत्ति तो 2005 में नीतीश कुमार के बिहार में सत्ता में आने के बाद ही हुई है। लेकिन नीतीश कुमार जी को यह पता होना चाहिए कि उनसे पहले ही मेरे पिता दो बार विधायक और एक बार सांसद बन चुके थे। यह तो सच्चाई है। नीतीश कुमार की पार्टी वर्तमान में तीसरे नंबर की पार्टी है। वह लालू जी का छोड़ें, दो बार तो हमने उनको (नीतीश कुमार) मुख्यमंत्री बनाया।’’

यादव ने कहा, ‘‘लालू जी ने तो कितनों को बनाया। लालू जी ने तो कितनों को प्रधानमंत्री बनने में मदद की। लालू जी की बात छोड़िए, तेजस्वी ने नीतीश जी को दो बार बिहार का मुख्यमंत्री बनाया, उनकी पार्टी को बचाकर करके। यह सच्चाई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\