ताजा खबरें | मैं 45 वर्ष से विवाहित हूं, कभी गुस्सा नहीं करता: रास सभापति जगदीप धनखड़

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान की मांग पर अड़े विपक्षी सदस्यों के कारण राज्यसभा में जारी गतिरोध के बीच सदन में उस समय हंसी की लहर दौड़ गयी जब सभापति जगदीप धनखड़ ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 45 वर्ष से अधिक समय से विवाहित हैं और वह कभी गुस्सा नहीं होते।

नयी दिल्ली, तीन अगस्त मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान की मांग पर अड़े विपक्षी सदस्यों के कारण राज्यसभा में जारी गतिरोध के बीच सदन में उस समय हंसी की लहर दौड़ गयी जब सभापति जगदीप धनखड़ ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 45 वर्ष से अधिक समय से विवाहित हैं और वह कभी गुस्सा नहीं होते।

उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आसन की अनुमति से अपनी बात रखते हुए कहा कि कल सभापति के साथ मुलाकात में उन्होंने मणिपुर संबंधी कार्यस्थगन नोटिस पर चर्चा कराने की विनती की थी किंतु ‘‘आप (धनखड़) जरा गुस्से में थे।’’

इस पर सभापति ने खरगे को टोकते हुए कहा, ‘‘मैं 45 वर्ष से अधिक समय से विवाहित व्यक्ति हूं, मैं कभी गुस्सा नहीं करता।’’

उनकी इस बात पर सदन में हंसी की लहर दौड़ गयी।

धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम एक प्रख्यात वरिष्ठ वकील हैं और वह जानते हैं कि ‘‘एक वरिष्ठ वकील के रूप में हमें गुस्सा करने का कोई अधिकार नहीं है, कम से कम प्राधिकार के समक्ष तथा आप (नेता प्रतिपक्ष खरगे) एक प्राधिकार हैं...मैं कभी गुस्सा नहीं करता।’’

सभापति ने खरगे से कहा कि वह अपनी बात में सुधार कर लें।

इस पर खरगे ने कहा, ‘‘आप गुस्सा नहीं करते, आप (गुस्सा) दिखाते नहीं लेकिन बराबर अंदर से करते हैं। ’’

खरगे की इस बात पर न केवल सभी सदस्य बल्कि सभापति धनखड़ भी खिलखिला कर हंसने लगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\