देश की खबरें | न्यायमूर्ति भंडारी और हेमा मालिनी को डॉक्टरेट की मानद उपाधि

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय भरतपुर की ओर से शनिवार को न्यायमूर्ति डॉ. दलवीर भंडारी को विधि विषय में डॉक्टरेट की मानद उपाधि और सांसद हेमा मालिनी को डी.लिट. की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।

जयपुर, 26 अगस्त महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय भरतपुर की ओर से शनिवार को न्यायमूर्ति डॉ. दलवीर भंडारी को विधि विषय में डॉक्टरेट की मानद उपाधि और सांसद हेमा मालिनी को डी.लिट. की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।

राजभवन में आयोजित विश्वविद्यालय के विशेष दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति राज्यपाल कलराज मिश्र ने यह उपाधियां प्रदान कीं।

राजभवन के प्रवक्‍ता के अनुसार, इस अवसर पर मिश्र ने कहा कि समाज में अपने बूते विशिष्ट पहचान बनाने वाली विभूतियों की उपलब्धियों को सम्मान देना महती कार्य है, इससे युवा पीढ़ी को लीक से हटकर अपनी प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा मिलेगी।

प्रवक्ता के अनुसार, मिश्र ने द हेग में स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (अईसीजे) के न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ. भंडारी को विधि विषय में डॉक्टरेट की मानद उपाधि एवं लोकसभा सदस्य, प्रख्यात अभिनेत्री हेमा मालिनी को डी.लिट. की मानद उपाधि से सम्मानित किया।

राज्यपाल ने कहा कि विशेष दीक्षांत समारोह के माध्यम से अपनी प्रतिभा के लिए देश-विदेश में विशिष्ट स्थान बनाने वाली विभूतियों को अकादमिक सम्मान से सम्मानित करने की यह जो परंपरा शुरू हुई है, वह अन्य विश्वविद्यालयों के लिए भी अनुकरणीय है।

राज्यपाल ने कहा कि डॉ. भंडारी ने भारत को न्यायिक क्षेत्र में अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है जबकि हेमा मालिनी भारतीय संस्कृति के जीवन मूल्यों से जुड़ी हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री राजेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से बालिकाओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़े हैं और महाविद्यालयों में बालिकाओं के नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

न्यायमूर्ति भंडारी ने कहा कि अपने ही प्रदेश में डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्राप्त करना उनके लिए खुशी की बात है। वहीं हेमामालिनी ने कहा कि वे नृत्य नाटिकाओं के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत के प्रसार का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कलाकार के तौर पर उनकी उपलब्धियों के लिए मानद उपाधि प्रदान किए जाने पर आभार प्रकट किया।

कुलपति प्रो. रमेश चन्द्रा ने विश्वविद्यालय से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\