देश की खबरें | गोवा के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश से फसलों को पहुंचा नुकसान : मंत्री रवि नाइक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा के कृषि मंत्री रवि नाइक ने सोमवार को विधानसभा को सूचित किया कि बीते महीने हुई भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में फसलों को नुकसान पहुंचा है।
पणजी, सात अगस्त गोवा के कृषि मंत्री रवि नाइक ने सोमवार को विधानसभा को सूचित किया कि बीते महीने हुई भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में फसलों को नुकसान पहुंचा है।
नाइक, विधायक विजय सरदेसाई, क्रूज सिल्वा और कार्लोस फरेरा द्वारा संयुक्त रूप से पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
मंत्री द्वारा सदन के पटल पर उपलब्ध कराए गए अनुलग्नक के अनुसार, बर्देज, कैनाकोना, पोंडा, क्यूपेम, संगुएम और सत्तारी तालुका के किसानों ने तटीय राज्य में लगातार हुई बारिश के कारण फसल को हुए नुकसान को लेकर मुआवजे के लिए दावे किए हैं।
मंत्री ने कहा कि भीषण दावानल (जंगल में लगी आग) और असामान्य उच्च तापमान के कारण एक जुलाई, 2020 से राज्य में फसलों को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है।
नाइक ने किसानों को मौसम से जुड़ी चेतावनी प्रदान करने के बारे में एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्य कृषि मौसम सेवा केंद्रों (आईएमडी) के पास कृषि आपदा जोखिम प्रबंधन या संकट प्रबंधन के लिए कोई विशेष योजना या प्रोटोकॉल नहीं है।
उन्होंने कहा, “हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र, गोवा और आईसीएआर-सीसीएआरआई, ओल्ड गोवा द्वारा गोवा के लिए जारी कृषि मौसम सलाहकार बुलेटिन का प्रसार नियमित रूप से किसान तक किया जाता है, ताकि आगामी चरम मौसम की घटनाओं और फसल के नुकसान से बचने के लिए किये जाने वाले उपायों के बारे में उन्हें जानकारी दी जा सके।’’
उन्होंने बताया कि छोटे किसानों के लिए कोई विशिष्ट फसल नुकसान मुआवजे की योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि शेतकारी आधार निधि योजना के तहत सभी प्रकार के किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा प्रदान किया जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)