देश की खबरें | हरियाणा के गृह मंत्री ने ज्यादा वजन वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन स्थानांतरित करने का आदेश दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बृहस्पतिवार को ज्यादा वजन वाले पुलिसकर्मियों को फिर से फिट होने तक पुलिस लाइन स्थानांतरित करने का आदेश दिया।
चंडीगढ़, 18 मई हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बृहस्पतिवार को ज्यादा वजन वाले पुलिसकर्मियों को फिर से फिट होने तक पुलिस लाइन स्थानांतरित करने का आदेश दिया।
विज ने गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को लिखित निर्देश जारी करते हुए कहा कि विभाग में कई पुलिस कर्मियों का वजन बढ़ गया है और उन्हें पुलिस लाइन में स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, विज ने एसीएस (गृह) को निर्देश जारी किए कि जिन पुलिस कर्मियों का वजन बढ़ गया है और लगातार बढ़ता ही जा रहा है, उन्हें पुलिस लाइन में स्थानांतरित किया जाए ताकि वे वहां व्यायाम करके फिट हो सकें।
बयान में कहा गया, "यह देखा गया है कि पुलिस विभाग में कई पुलिस कर्मियों का वजन बढ़ गया है और समय के साथ-साथ उनका वजन और भी बढ़ रहा है।"
विज ने लिखा, "पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को फिट बनाए रखने के लिए मैं चाहता हूं कि अधिक वजन वाले सभी पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को पुलिस लाइन में स्थानांतरित किया जाए और जब तक वे ड्यूटी के लिए फिट नहीं हो जाते, उनसे व्यायाम करवाएं।"
हरियाणा में पुलिसकर्मियों की स्वीकृत संख्या 75,000 है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)