खेल की खबरें | जायसवाल और सुदर्शन के अर्धशतक, भारत के चार विकेट पर 264 रन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (58 रन) के अर्धशतक के बाद साई सुदर्शन (61 रन) ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए पचासा जड़ा जिससे भारत ने बुधवार को यहां चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन स्टंप तक चार विकेट पर 264 रन बना लिए।

मैनचेस्टर, 23 जुलाई सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (58 रन) के अर्धशतक के बाद साई सुदर्शन (61 रन) ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए पचासा जड़ा जिससे भारत ने बुधवार को यहां चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन स्टंप तक चार विकेट पर 264 रन बना लिए।

दिन का खेल समाप्त होने तक रविंद्र जडेजा और शारदुल ठाकुर 19-19 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पैर में चोट लगने के कारण ‘रिटायर्ड हर्ट’ हो गए।

आसमान में बादल छाए थे और भारतीय टीम को बल्लेबाजी का न्योता मिला जिसके बाद भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (46 रन) और जायसवाल (107 गेंद) ने 94 रन जोड़कर श्रृंखला में अपनी सर्वोच्च साझेदारी निभाई।

इसके बाद सुदर्शन (151 गेंद) ने दबाव में एक जबरदस्त पारी खेली और करुण नायर पर अपने चयन को सही साबित किया।

सुदर्शन के साथ बल्लेबाजी कर रहे पंत (48 गेंद में 37 रन, रिटायर्ड हर्ट) क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स हिट से चूक गए। गेंद पंत के दाहिने पैर पर लगी जिससे उन्हें काफी दर्द हुआ और आखिरकार उन्हें गोल्फ कार्ट में मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।

पैर में खून भी निकलता दिख रहा था जिससे भारतीय प्रशंसक और ड्रेसिंग रूम में सभी काफी चिंतित थे। लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान विकेटकीपिंग करते समय लगी उंगली की चोट से उबरने के बाद पंत इस मैच में उतरे थे।

पूरे दिन बादल छाए रहे, लेकिन धीमी पिच ने बल्लेबाजों को जोफ्रा आर्चर की तेज रफ्तार का सामना करने के लिए पर्याप्त समय दिया।

लीड्स में सुदर्शन के आउट होने के तरीके से प्रेरित होकर इंग्लैंड ने जानबूझकर लेग साइड में गेंद डालने की चाल चली। बेन स्टोक्स लगभग इसी तरह सुदर्शन को आउट कर ही देते लेकिन जैमी स्मिथ ने लेग स्टंप पर एक सामान्य कैच छोड़ दिया जिससे इस भारतीय बल्लेबाज को जीवनदान मिला। तब वह 20 रन पर थे।

उन्होंने किस्मत का फायदा उठाते हुए आर्चर की गेंद पर कुछ पुल शॉट खेले और फिर स्टोक्स की गेंद पर बैकफुट शॉट खेला।

इंग्लैंड के कप्तान ने सुदर्शन को आउट करने के लिए प्रयास जारी रखे लेकिन फिर उन्होंने शॉर्ट बॉल की रणनीति अपनायी। सुदर्शन अंत में उनकी एक गेंद को फाइन लेग पर ब्रायडन कार्स के हाथों में खेल गए।

यह युवा भारतीय बल्लेबाज पारी की शुरुआत में सतर्क था, वह मिडिल और लेग स्टंप पर पिच होने वाली गेंदों पर ही रन बना रहे थे। उन्होंने आर्चर की गेंद पर अपना पहला चौका लगाया और फिर कवर पर लियाम डॉसन की गेंद पर छक्का जड़ दिया।

चोट लगने से पहले तक पंत अपने चिरपरिचित अंदाज में खेलते रहे और आर्चर की गेंद पर स्वीप करने के बाद कार्स की गेंद पर छक्का जड़ दिया।

इंग्लैंड ने क्रीज पर जमी राहुल और जायसवाल की सलामी जोड़ी को आउट करने के बाद कप्तान शुभमन गिल का विकेट भी झटक लिया जिससे चाय तक भारत का स्कोर तीन विकेट पर 149 रन हो गया।

सुबह के सत्र में इंग्लैंड कोई विकेट नहीं ले सका लेकिन लंच के तुरंत बाद क्रिस वोक्स को ऑफ-स्टंप लाइन में लगातार गेंदबाजी करने का फायदा मिला। उन्होंने राहुल को लेंथ से बाहर जाती गेंद पर तीसरी स्लिप में कैच कराया।

सत्र का दूसरा विकेट बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन ने लिया जो आठ साल में अपना पहला टेस्ट खेल रहे हैं, उन्होंने सात गेंद ही डाली थी कि जायसवाल उनका शिकार बन गए।

डॉसन की गेंद ज्यादा नहीं घूमी थी लेकिन जायसवाल के बाहरी किनारे से लगकर पहली स्लिप में खड़े क्षेत्ररक्षण के हाथों में पहुंच गई।

भारतीय कप्तान गिल (12) ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। वह स्टोक्स की अंदर आती गेंद को सही तरह से पढ़ नहीं सके और पगबाधा आउट हुए।

सुबह के सत्र में जायसवाल भी क्रिस वोक्स के मुश्किल स्पेल से बचे जबकि राहुल ने हमेशा की तरह मजबूत बल्लेबाजी की जिससे भारत ने लंच तक बिना किसी नुकसान के 78 रन बना लिए।

ओल्ड ट्रैफर्ड में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने वाली टीम कभी नहीं जीती है लेकिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने बादलों के बावजूद सुबह इस आंकड़े को नजरअंदाज किया।

गेंद घूम रही थी लेकिन रफ्तार की कमी के कारण भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने आसानी से पुल शॉट खेले।

वोक्स ने दोनों, विशेषकर जायसवाल के लिए मुश्किलें खड़ी की जिन्हें इंग्लैंड के इस तेज गेंदबाज़ ने कई मौकों पर परेशान किया।

वोक्स के आठ ओवर के स्पेल में राहुल ने दो बार पुल शॉट लगाए जबकि जायसवाल ने उन पर स्क्वायर के सामने शॉट लगाया।

राहुल ने वोक्स की गेंद पर शानदार ड्राइव खेलकर इंग्लैंड में 1000 रन पूरे किए जो इस श्रृंखला में शीर्ष क्रम में उनके शानदार प्रदर्शन का प्रमाण है।

लॉर्ड्स में जायसवाल को जोफ्रा आर्चर ने दो बार आउट किया था इसलिए भारतीय सलामी बल्लेबाज ने उनकी गेंदों को छोड़ने का प्रयास किया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को अपना बल्ला भी बदलना पड़ा क्योंकि वोक्स की ‘राउंड द विकेट’ से एक गेंद उनके बल्ले से ऊपर लगी जिससे हैंडल टूट गया।

दोनों सलामी बल्लेबाज पहले घंटे तक संभलकर खेले जिससे भारत ने 14 ओवर में बिना किसी नुकसान के 42 रन बना लिए।

गिल ने सुबह करुण नायर की जगह साई सुदर्शन को मैदान पर उतारा। अंशुल कंबोज को पर्दापण कराया। कंबोज और शारदुल को क्रमशः चोटिल आकाश दीप और नीतिश रेड्डी की जगह शामिल किया गया।

इंग्लैंड ने भी एक बदलाव करते हुए लार्ड्स में तीसरे टेस्ट के दौरान चोटिल हुए शोएब बशीर की जगह स्पिनर लियान डॉसन को टीम में जगह दी।

इंग्लैंड पांच मैच की श्रृंखला में 2-1 से आगे है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी