खेल की खबरें | इंग्लिस और प्रियांश के अर्धशतक, पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियन्स को सात विकेट हराया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद जोश इंग्लिस और सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के महत्वपूर्ण मुकाबले में सोमवार को यहां मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से हराकर शीर्ष दो में जगह सुनिश्चित की।

जयपुर, 26 मई अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद जोश इंग्लिस और सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के महत्वपूर्ण मुकाबले में सोमवार को यहां मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से हराकर शीर्ष दो में जगह सुनिश्चित की।

प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी इन दोनों टीम के बीच हुए मुकाबले के विजेता का लीग चरण खत्म होने पर शीर्ष दो में रहना तय था। पंजाब की टीम ने लीग चरण में अपने अभियान का अंत 14 मैच में 19 अंक के साथ किया। टीम अभी शीर्ष पर है। मुंबई की टीम 14 मैच में 16 अंक के साथ चौथे स्थान पर है।

मुंबई के 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने इंग्लिस (73 रन, 42 गेंद, नौ चौके, तीन छक्के) और प्रियांश (62 रन, 35 गेंद, नौ चौके, दो छक्के) के बीच दूसरे विकेट की 109 रन की साझेदारी से 18.3 ओवर में तीन विकेट पर 187 रन बनाकर जीत दर्ज की। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी नाबाद 26 रन की पारी खेली।

सूर्यकुमार यादव ने इससे पहले 39 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों से 57 रन की पारी खेली जिससे मुंबई इंडियन्स ने सात विकेट पर 184 रन बनाए। गेंदबाजों की मददगार पिच पर मुंबई ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और रेयान रिकेल्टन (27), कप्तान हार्दिक पंड्या (26), रोहित शर्मा (24) और नमन धीर (20) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे।

पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह ने 28, मार्को यानसेन ने 34 और विजय कुमार विशाख ने 44 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे पंजाब ने पावर प्ले में प्रभसिमरन सिंह (13) का विकेट गंवाकर 47 रन बनाए।

प्रियांश ने ट्रेंट बोल्ट पर दो चौकों के साथ शुरुआत की। प्रभसिमरन ने दीपक चाहर पर छक्का और चौका मारा लेकिन जसप्रीत बुमराह (23 रन पर एक विकेट) की गेंद पर अश्विनी कुमार को कैच दे बैठे।

इंग्लिस ने भी चाहर पर छक्का जड़ा और फिर मिचेल सेंटनर और हार्दिक की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया।

इंग्लिस ने 11वें ओवर में अश्विनी कुमार पर लगातार तीन चौकों के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया।

इंग्लिस ने अगले ओवर में हार्दिक की गेंद पर एक रन के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। प्रियांश ने भी इसी ओवर में लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 27 गेंद में अर्धशतक जड़ा।

प्रियांश हालांकि अर्धशतक पूरा करने के बाद सेंटनर की गेंद पर सूर्यकुमार को कैच दे बैठे।

पंजाब को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 39 रन की दरकार थी और उसने इंग्लिस का विकेट गंवाकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया जिन्हें सेंटनर (41 रन पर दो विकेट) ने पगबाधा आउट किया।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे मुंबई इंडियन्स को सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन (27) ने तेज शुरुआत दिलाई। रिकेल्टन ने रोहित शर्मा के साथ 45 रन जोड़े।

रिकेल्टन ने अर्शदीप पर चौके के साथ शुरुआत की और फिर काइल जेमीसन पर भी दो चौके जड़े। रोहित ने भी यानसेन की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए जबकि रिकेल्टन ने अर्शदीप पर दो और चौके मारे।

रोहित ने बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार (36 रन पर एक विकेट) का स्वागत लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ किया।

रिकेल्टन हालांकि यानसेन की उछाल लेती गेंद को पुल करने की कोशिश में मिड ऑफ पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 20 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके मारे।

मुंबई ने पावर प्ले में एक विकेट पर 52 रन बनाए।

सूर्यकुमार ने आते ही यानसेन पर चौका जड़ा और फिर हरप्रीत की गेंद को भी बाउंड्री पर भेजा। उन्होंने नौवें ओवर में यानसेन पर दो चौके और एक छक्का मारा। सूर्यकुमार ने इसके साथ लगातार 14वीं बार 25 रन के आंकड़े को पार किया।

निहाल वढेरा ने हरप्रीत की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर रोहित का शानदार कैच लपका। रोहित ने 21 गेंद में दो चौके और एक छक्का मारा।

तिलक वर्मा की खराब फॉर्म जारी रही और वह सिर्फ एक रन बनाने के बाद विशाख की गेंद पर अर्शदीप को कैच दे बैठे।

विल जैक्स (17) ने यानसेन पर लगातार दो चौके मारे और फिर विशाख पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर यानसेन को कैच दे बैठै।

हार्दिक को खाता खोले बिना ही जीवनदान मिला जब विशाख ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया।

मुंबई के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ।

हार्दिक ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए हरप्रीत पर छक्का और अर्शदीप पर चौके के साथ 15 ओवर में टीम का स्कोर चार विकेट पर 131 रन तक पहुंचाया।

हार्दिक ने रन गति बढ़ाने का प्रयास करते हुए यानसेन पर छक्का मारा लेकिन अगली गेंद इंग्लिस के हाथों लपके गए। उन्होंने 15 गेंद का सामना करते हुए दो छक्के और दो चौके मारे।

नमन धीर ने 19वें ओवर में विशाख पर लगातार दो छक्के मारे। सूर्यकुमार ने भी इसी ओवर में दो चौके और दो रन के साथ 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

अर्शदीप ने अंतिम ओवर में नमन को प्रियांश के हाथों कैच कराया और अंतिम गेंद पर सूर्यकुमार को पगबाधा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs South Africa T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

West Indies Women vs Australia Women, 2nd T20I Match T20I Match Preview: कल वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच खेला जाएगा अहम मुकाबला, मैच से पहले जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड्स, पिच रिपोर्ट समेत सभी डिटेल्स

New Zealand Women vs South Africa Women T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

PM Modi: पीएम नरेंद्र मोदी ने नन्हे ओमी को गोद में लिया, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दिल छू लेने वाला पल

\