देश की खबरें | गुयाना के उप राष्ट्रपति ने भारतीय समकक्ष धनखड़ से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुयाना के उप राष्ट्रपति भरत जगदेव ने बृहस्पतिवार को अपने भारतीय समकक्ष जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, कृषि और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर सहमति जताई।
नयी दिल्ली, 23 फरवरी गुयाना के उप राष्ट्रपति भरत जगदेव ने बृहस्पतिवार को अपने भारतीय समकक्ष जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, कृषि और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर सहमति जताई।
उप राष्ट्रपति धनखड़ के न्योते पर जगदेव 20 से 25 फरवरी तक भारत की यात्रा पर आए हैं।
गुयाना के उपराष्ट्रपति के साथ राष्ट्रपति कार्यालय के वरिष्ठ मंत्री अशनी सिंह जिनके पास वित्त प्रभार भी है और उच्च स्तरीय अधिकारियों और कारोबारियों का प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
विदेश मंत्रालय ने यहां जारी बयान में कहा कि जगदेव ने उप राष्ट्रपति धनखड़ से बृहस्पतिवार को मुलाकात की और दोनों नेताओं ने भारत और गुयाना के बीच जनता से जनता के बीच संबंध, आर्थिक जुड़ाव और विभिन्न मुद्दों पर समान रुख की सराहना की।
बयान के मुतबिक दोनों नेताओं ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, कृषि, कृषि प्रसंस्करण, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्षमता विकास, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, नवीनीकरण ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमति जताई।
विदेश मंत्री एस जयशंकर और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भी जगदेव से मुलाकात की।
गुयाना के उप राष्ट्रपति के शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने की संभावना है। उनके केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, रसायन व उर्वरक मंत्री, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री और आवास व शहरी विकास मंत्री से भी मिलने की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि टेरी द्वारा 22 से 24 फरवरी के बीच आयोजित विश्व स्थायी विकास सम्मेलन में भी जगदेव हिस्सा ले रहे हैं।
गुयाना के उपराष्ट्रपति जगदेव का दौरा जनवरी में राष्ट्रपति इरफान अली की यात्रा के बाद हो रही है। अली 17वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)