देश की खबरें | गुरुग्राम: टेनिस खिलाड़ी राधिका का अंतिम संस्कार हुआ; पिता ने कहा- कमाई खिलाने का ताना मारती थी बेटी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा की पूर्व टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव का शुक्रवार शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक दिन पहले ही उसके पिता ने कथित तौर पर नजदीक से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी।

गुरुग्राम, 11 जुलाई हरियाणा की पूर्व टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव का शुक्रवार शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक दिन पहले ही उसके पिता ने कथित तौर पर नजदीक से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी।

भले ही राधिका का अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन इस घटना ने कई सवाल पीछे छोड़ दिये हैं।

राधिका के 49 वर्षीय पिता दीपक यादव ने अपना अपराध कबूल कर लिया और पुलिस को बताया कि टेनिस अकादमी से होने वाली आय पर निर्भर रहने के कारण उसे ताना मारा जाता था।

आरोपी पिता को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया और एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि तीन चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा की गई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, 25-वर्षीय राधिका को चार गोलियां लगीं, जिनमें से तीन पीठ में और एक कंधे में लगी।

पुलिस के अनुसार, राधिका का शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार के लिए पास के वजीराबाद स्थित उनके गांव ले जाया गया।

एक ग्रामीण ने बताया कि युवती के अंतिम संस्कार के समय वहां सन्नाटा पसरा था और कई लोगों की आंखों में आंसू भी थे। उसके शोकाकुल परिजनों सहित कम से कम 150 लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए और उसके भाई धीरज ने चिता को अग्नि दी।

शोक संतप्त परिजनों में से एक ने कहा, ‘‘हत्या को लेकर कई सवाल थे। हर कोई हैरान था कि दीपक अपनी बेटी की हत्या कैसे कर सकता है, जबकि वह जिसे सबसे ज़्यादा प्यार करता था।’’

गुरुग्राम के सुशांत लोक स्थित घर में खाना बना रही अपनी बेटी की पीठ में पिता ने गोली क्यों मारी? क्या उसकी टेनिस अकादमी की वजह से? क्या पिछले साल बनाए गए उसके किसी संगीत वीडियो की वजह से? क्या उसके आत्म-सम्मान को ठेस पहुंची थी? या फिर कुछ और ही था?

जैसे-जैसे लोगों को एक सफल महिला की चौंकाने वाली हत्या के बारे में जानकारी मिली, अटकलबाजियों का दौर शुरू हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दीपक यादव ने कबूल किया कि उसने राधिका पर गोली चलाई, क्योंकि उसे अक्सर उसकी कमाई पर निर्भर रहने के लिए ताना मारा जाता था।

पुलिस ने एक बयान में दावा किया कि राधिका द्वारा संचालित टेनिस अकादमी ही दोनों (पिता-पुत्री) के बीच विवाद का कारण थी।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप सिंह ने कहा, “उसके पिता इससे खुश नहीं थे।” सिंह ने कहा कि दीपक ने खुलासा किया है कि उसे अपनी बेटी द्वारा टेनिस अकादमी चलाने पर आपत्ति थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

प्रवक्ता ने कहा, “कई बार दीपक ने राधिका को अकादमी बंद करने के लिए कहा था, लेकिन वह नहीं मानी। गुस्से में आकर दीपक ने राधिका को गोलियां मारी।’’

राधिका यादव पिछले साल एक संगीत वीडियो में नजर आई थीं। इस वीडियो में एक अन्य कलाकार भी था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हो सकता है कि इस संगीत वीडियो की वजह से घर में तनाव पैदा हुआ हो, इसलिए वह इस पहलू की भी जांच करेंगे।

पुलिस ने कहा कि वह पूर्व टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि घटना के समय उसकी मां क्या कर रही थीं।

राधिका के चाचा कुलदीप यादव की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना के समय राधिका की मां मंजू यादव मकान की पहली मंजिल पर ही मौजूद थीं।

एक स्थानीय अदालत ने दीपक यादव को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अदालत के बाहर, पुलिस के एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने आरोपी की दो दिन की हिरासत मांगी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर की गोलियां बरामद करनी हैं। हमें यह सत्यापित करना है कि उसने कितनी गोलियां खरीदी थीं।’’

यह पूछे जाने पर कि गोलियां कहां से बरामद की जानी हैं तो अधिकारी ने कहा, “आरोपी की रेवाड़ी के पास कसम गांव में जमीन है। हमें गोलियां वहीं से लानी है।”

मीडियाकर्मियों के एक समूह ने अदालत से बाहर आते समय आरोपी से कई सवाल पूछे, लेकिन पुलिस ने उसे तुरंत गाड़ी में बैठा दिया।

टी-शर्ट और पैंट पहने आरोपी ने पुलिस सुरक्षा में अदालत में पेशी के लिए गाड़ी से उतरते समय अपना सिर तौलिए से ढका हुआ था।

मीडियाकर्मियों ने उससे कई सवाल पूछे, जो जानना चाहते थे कि उसने अपनी बेटी की हत्या क्यों की। हालांकि, आरोपी को जल्दी से अदालत परिसर के अंदर ले जाया गया।

सुनवाई के बाद जब वह अदालत से बाहर आया, तो उसका तौलिया उतरा हुआ था। उससे वही सवाल पूछे गए और पुलिस फिर से उसे जल्दी से गाड़ी तक ले गई।

प्राथमिकी में, कुलदीप यादव ने कहा कि दीपक, उनकी पत्नी मंजू और बेटी राधिका सेक्टर 57 स्थित मकान की पहली मंजिल पर जबकि वह (कुलदीप) अपने परिवार के साथ भूतल पर रहते हैं।

प्राथमिकी में कहा गया है कि बृहस्पतिवार सुबह लगभग 10:30 बजे, कुलदीप ने अचानक एक "तेज आवाज" सुनी और पहली मंजिल पर पहुंचे।

कुलदीप ने बताया, ‘‘मैंने अपनी भतीजी राधिका को रसोई में खून से लथपथ देखा और रिवॉल्वर ड्राइंग रूम में मिली। मेरा बेटा पीयूष यादव भी दौड़ता हुआ पहली मंजिल पर पहुंचा। हम दोनों राधिका को उठाकर अपनी कार में सेक्टर 56 स्थित एशिया मैरिंगो अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’

इससे पहले, पुलिस ने बताया था कि घटना अपराह्न करीब दो बजे हुई जब राधिका पहली मंजिल पर रसोई में खाना बना रही थी।

कुलदीप यादव ने बताया कि घटना के समय घर की पहली मंजिल पर केवल दीपक, उसकी पत्नी और बेटी ही थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के समय दीपक का बेटा धीरज वहां मौजूद नहीं था और यह बात प्राथमिकी में दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, दीपक ने कम से कम पांच गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन राधिका की पीठ में लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पहले कहा गया था कि राधिका की मां भूतल पर थीं और गोलियों की आवाज सुनकर ऊपर की ओर दौड़ीं। उनके अनुसार, गोलियों की आवाज प्रेशर कुकर के फटने जैसी थी।

पूर्व टेनिस खिलाड़ी के चाचा कुलदीप ने पुलिस से कहा, "मेरी भतीजी एक बहुत अच्छी टेनिस खिलाड़ी थी और उसने कई ट्रॉफियां जीती थीं। मेरी समझ नहीं आ रहा कि उसकी हत्या क्यों की गई? मेरे भाई के पास लाइसेंस वाली प्वॉइंट 32 बोर की रिवॉल्वर है। वह वहीं पड़ी थी।’’

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि वे सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं, जिसमें यह पहलू भी शामिल है कि हत्या के समय पूर्व टेनिस खिलाड़ी की मां क्या कर रही थीं।

अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ की वेबसाइट के अनुसार, राधिका यादव ने इस साल की शुरुआत में इंदौर और कुआलालंपुर में टूर्नामेंट खेले थे, लेकिन ये क्वालीफाइंग प्रतियोगिताएं थीं, मुख्य प्रतिस्पर्धा नहीं थीं। अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ ने उन्हें 1999वीं रैंकिंग दी थी।

उन्होंने अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) की अंडर-18 रैंकिंग में 75वां और एआईटीए महिला एकल रैंकिंग में 35वां स्थान हासिल किया था।

एआईटीए के अधिकारी अनिल धूपर ने इस घटना पर दुख और सदमे का इजहार किया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह वाकई दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। वह इस साल डब्ल्यू-35 खेलने के लिए इंदौर आई थीं। अपने जूनियर दिनों में, वह बहुत होनहार थीं। वह हमेशा से भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए एक अकादमी शुरू करना चाहती थीं और इसके लिए क्या किया जाए, यह जानना चाहती थीं। जो हुआ, वह जानकर वाकई बहुत दुख हुआ।’’

हरियाणा टेनिस संघ (एचटीए) की अध्यक्ष सुमन कपूर ने कहा, "वर्ष 2023 के राष्ट्रीय खेलों के दौरान वह हरियाणा टीम के साथ थीं। उसके बाद, वह राज्य टीम में जगह नहीं बना पाईं।’’

कपूर ने कहा, "हमें उनकी अकादमी के बारे में नहीं पता... यह एचटीए में पंजीकृत नहीं थी। हमें उनके कोचिंग करियर के बारे में भी ज़्यादा जानकारी नहीं है और उन्होंने अपने केंद्र में कोई टूर्नामेंट आयोजित नहीं किया।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Ishan Kishan New Record: मौजूदा टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ ईशान किशन के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका, अपने नाम कर सकते हैं कई बड़े रिकॉर्ड्स

India vs New Zealand, 1st T20I Match Scorecard: क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया के सामने रखा 226 रनों का टारगेट, ग्लेन फिलिप्स ने खेली शानदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

England vs Sri Lanka, 3rd ODI Tri-Series Match Live Score Update: रावलपिंडी में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा है त्रिकोणीय सीरीज का अहम मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? रावलपिंडी में इंग्लैंड बनाम श्रीलंका के बीच तीसरे वनडे मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट