देश की खबरें | गुजरात : टेलीग्राम, यूट्यूब पर महिला रोगियों के वीडियो डाले जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि अस्पताल के अंदर डॉक्टरों द्वारा महिला मरीजों की जांच के वीडियो सोशल मीडिया मंचों टेलीग्राम और यूट्यूब पर प्रसारित होने के बाद जांच शुरू की गई है।
अहमदाबाद, 17 फरवरी गुजरात पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि अस्पताल के अंदर डॉक्टरों द्वारा महिला मरीजों की जांच के वीडियो सोशल मीडिया मंचों टेलीग्राम और यूट्यूब पर प्रसारित होने के बाद जांच शुरू की गई है।
साइबर अपराध शाखा ने सोशल मीडिया मंचों पर ऐसे कुछ वीडियो प्रसारित होने के बाद अपनी जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त प्रतीत होने वाले वीडियो में महिला मरीजों को अस्पताल के बंद कमरे में महिला डॉक्टर द्वारा जांच करते या नर्स द्वारा इंजेक्शन लगाते देखा जा सकता है।
सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) हार्दिक मकाडिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने यूट्यूब चैनल से जुड़ा एक टेलीग्राम ग्रुप बनाया था, जहां ये वीडियो अपलोड किए गए थे।
मकाडिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आरोपी ने यूट्यूब चैनल पर ऐसे सात वीडियो अपलोड किए और विवरण में एक टेलीग्राम ग्रुप का लिंक दिया था। उस ग्रुप के सदस्यों से इसी तरह के वीडियो देखने के लिए शुल्क देने को कहा गया था। सदस्यों को सदस्यता शुल्क देने के लिए आकर्षित करने के लिहाज से आरोपी ने इसी तरह के वीडियो से लिए गए स्क्रीन शॉट साझा किए थे।’’
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि टेलीग्राम ग्रुप पिछले साल सितंबर में शुरू किया गया था, जबकि यूट्यूब चैनल इस साल जनवरी में शुरू किया गया था।
मकाडिया ने कहा, ‘‘चैनल ने अब तक अस्पताल के अंदर एक बिस्तर पर डॉक्टरों द्वारा महिलाओं की जांच के सात वीडियो अपलोड किए हैं। उस चैनल को बढ़ावा देने वाले टेलीग्राम समूह में 90 से अधिक सदस्य हैं। वीडियो सीसीटीवी फुटेज से लिए गए प्रतीत होते हैं। ऐसे ही एक वीडियो में एक नर्स और महिला मरीज को गुजराती में बात करते हुए सुना जा सकता है। हमें अभी तक उस अस्पताल की पहचान नहीं हो पाई है, जहां ये वीडियो शूट किए गए थे।’’
एसीपी ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। सूत्रों ने कहा कि वीडियो राजकोट के एक प्रसूति अस्पताल के प्रसव कक्ष के हैं।
राजकोट पश्चिम की भाजपा विधायक डॉ. दर्शिता शाह ने कहा कि उन्होंने पुलिस से मामले की जांच करने को कहा है।
इस बीच, राजकोट के पायल अस्पताल के एक अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘किसी ने हमारे फुटेज को हैक कर लिया होगा। हमने कुछ भी गलत नहीं किया है। हम पुलिस की जांच में सहयोग करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)