गुजरात कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष से ढोलका सीट को रिक्त घोषित करने का आग्रह किया

दरअसल, गुजरात उच्च न्यायालय ने ढोलका सीट से विधायक और राज्य की भाजपा सरकार में मंत्री भूपेन्द्र सिंह चूड़ास्मा के 2017 के चुनाव को रद्द कर दिया था, जिसके बाद कांग्रेस ने यह अनुरोध किया है।

जमात

अहमदाबाद, 13 मई गुजरात कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष से ढोलका सीट को रिक्त घोषित करने का अनुरोध किया है।

दरअसल, गुजरात उच्च न्यायालय ने ढोलका सीट से विधायक और राज्य की भाजपा सरकार में मंत्री भूपेन्द्र सिंह चूड़ास्मा के 2017 के चुनाव को रद्द कर दिया था, जिसके बाद कांग्रेस ने यह अनुरोध किया है।

चूड़ास्मा ने 2017 के गुजरात विधानसभा चुनाव में अहमदाबाद जिले की ढोलका सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अश्विन राठौड़ के खिलाफ जीत हासिल की थी।

अदालत के फैसले के बाद नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र त्रिवेदी को पत्र लिखकर उनसे तत्काल इस सीट को रिक्त घोषित करने का आग्रह किया, खासकर तब जबकि अदालत चूड़ास्मा के निर्वाचन को अवैध घोषित करने के अपने आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर चुकी है।

धनानी ने पत्र में लिखा, ''उच्च न्यायालय के आदेश के मद्देनजर गुजरात की ढोलका विधानसभा सीट को तुरंत रिक्त घोषित किया जाना जरूरी है। इसलिये मैं आपसे ऐसा करना का अनुरोध करता हूं। ध्यान देने वाली बात है कि गुजरात उच्च न्यायालय अपने फैसले पर रोक लगाने से इनकार भी कर चुका है। लिहाजा अदालत का फैसला 12 मई से प्रभावी हो गया है।''

गौरतलब है कि उच्च न्यायालय ने कांग्रेस उम्मीदवार अश्विन राठौड़ द्वारा दायर याचिका में लगाए गए कदाचार और जोड़-तोड़ के आरोपों के आधार पर चूड़ास्मा का चुनाव रद्द कर दिया था।

चूड़ास्मा ने कांग्रेस उम्मीदवार अश्विन राठौड़ के खिलाफ 327 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

\