देश की खबरें | गुजरात: कोलकाता की घटना के विरोध प्रदर्शन में पिस्तौल लहराने के आरोप में चिकित्सक पर मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोलकाता के एक अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ कथित रूप से बलात्कार और फिर उसकी हत्या किए जाने की घटना का विरोध करने के लिए एकत्र हुए चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों को संबोधित करते समय लाइसेंसी पिस्तौल लहराने के आरोप में एक चिकित्सक के खिलाफ गुजरात के अमरेली शहर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अमरेली (गुजरात), 17 अगस्त कोलकाता के एक अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ कथित रूप से बलात्कार और फिर उसकी हत्या किए जाने की घटना का विरोध करने के लिए एकत्र हुए चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों को संबोधित करते समय लाइसेंसी पिस्तौल लहराने के आरोप में एक चिकित्सक के खिलाफ गुजरात के अमरेली शहर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक चिराग देसाई ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े बजे हुई, जब मेडिकल छात्र और चिकित्सक ‘कैंडल मार्च’ के लिए शहर के राजकमल चौक पर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए थे।
देसाई ने बताया कि ‘कैंडल मार्च’ शुरू होने से पहले अपने संबोधन के दौरान, निजी ‘प्रैक्टिस’ करने वाले एक चिकित्सक डॉ जी.जे. गजेरा ने ‘‘लोगों में डर पैदा करने के इरादे से’’ अपनी लाइसेंसी पिस्तौल लहराई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि डॉ गजेरा ने लाइसेंसी हथियारों के संबंध में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी अधिसूचना का भी उल्लंघन किया।
उन्होंने बताया कि चिकित्सक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353 (1), (बी) (सार्वजनिक स्थान पर शरारतपूर्ण व्यवहार) और 270 (सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव) तथा शस्त्र अधिनियम और गुजरात पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि ‘इंडियन मेडिकल एसोसिएशन’ (आईएमए) से जुड़े चिकित्सक और अमरेली के सरकारी अस्पताल के प्रशिक्षु चिकित्सक एवं कर्मचारी कोलकाता में हुई घटना के विरोध में ‘कैंडल मार्च’ निकालने के लिए एकत्र हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)