देश की खबरें | महाराष्ट्र के राज्यपाल को देहरादून जाने के लिए सरकारी विमान की अनुमति नहीं मिली

मुंबई, 11 फरवरी महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी बृहस्पतिवार को एक सरकारी विमान से उत्तराखंड के देहरादून जाने वाले थे, लेकिन उड़ान के लिए अनुमति नहीं दी गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्यपाल बाद में देहरादून की यात्रा के लिए एक वाणिज्यिक उड़ान से रवाना हुए।

इस बारे में पूछे जाने पर, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उनके पास कोई जानकारी नहीं है और जानकारी मिलने के बाद ही वह इस पर टिप्पणी कर पाएंगे।

हालांकि, राज्य में विपक्षी भाजपा ने इस पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार से माफी मांगने के लिए कहा है।

सूत्रों के अनुसार, कोश्यारी को सुबह 10 बजे मुंबई से देहरादून के लिए रवाना होना था।

सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल को शुक्रवार को मसूरी में एक कार्यक्रम में भाग लेना है। उन्हें पहले देहरादून पहुंचना है और फिर वह वहां से मसूरी जाएंगे।

एक सूत्र ने दावा किया, "राज्य सरकार के एक विमान को पहले ही बुक कर लिया गया था। लेकिन, अंतिम समय तक अनुमति नहीं मिली।"

सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल के कार्यालय ने बाद में एक निजी विमान में सीट बुक की और वह दोपहर करीब 12.15 बजे देहरादून के लिए रवाना हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)