सरकार ने विशेष आर्थिक पैकेज के दूसरे हिस्से का ऐलान किया, कोविड-19 संक्रमण के मामले 80 हजार के करीब

संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 2,500 को पार कर गया है, वहीं अब तक 26,000 से अधिक लोग इससे ठीक हो चुके हैं।

जमात

नयी दिल्ली, 14 मई सरकार ने ‘लॉकडाउन’ के प्रभाव से अर्थव्यवस्था को उबारने के लिये घोषित 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज के दूसरे चरण के तहत बृहस्पतिवार को प्रवासी मजदूरों को मुफ्त अनाज, किसानों को सस्ता कर्ज और रेहड़ी पटरी वालों को कार्यशील पूंजी कर्ज उपलब्ध कराने के लिये 3.16 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की। इस बीच देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या 80,000 के करीब पहुंच गयी है।

संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 2,500 को पार कर गया है, वहीं अब तक 26,000 से अधिक लोग इससे ठीक हो चुके हैं।

केरल, गोवा और असम जैसे राज्यों में संक्रमण के मामलों का ग्राफ सपाट होने के बाद अब फिर से अचानक यहां मामले सामने आने लगे हैं। वहीं ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा बिहार में पिछले कुछ दिन में संक्रमण की दर बढ़ गयी है। अधिकारियों के अनुसार इन क्षेत्रों में अधिकतर नये मामले विशेष ट्रेनों, बसों और उड़ानों से बाहर से लौटे लोगों से संबंधित हैं।

महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और राष्ट्रीय राजधानी से कोविड-19 के मामले बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं।

हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि पिछले तीन दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की दोगुने होने की दर सुधरकर 13.9 दिन हो गयी है जो पिछले 14 दिन में 11.1 थी। उन्होंने यह भी कहा कि अब प्रति दिन एक लाख नमूनों की जांच की क्षमता विकसित कर ली गयी है और देश में अब तक कोविड-19 के करीब 20 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है।

महामारी के मद्देनजर देश को आत्म-निर्भर बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा को आगे बढ़ाते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतामण ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 8 करोड़ प्रवासी मजदूरों को दो महीने के लिये 5 किलो प्रति व्यक्ति अनाज और प्रति परिवार एक किलो दाल (चना) मुफ्त उपलब्ध कराई जायेगी। साथ ही देश व्यापी लॉकडाउन के कारण बेरोजगार हुए 50 लाख रेहड़ी पटरी वालों को 10,000-10,000 रुपये तक कार्यशील पूंजी कर्ज उपलब्ध कराया जायेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि 2.5 करोड़ किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के जरिये 2 लाख करोड़ रुपये का रियायती कर्ज उपलब्ध कराया जाएगा।

बुधवार को सीतारमण ने करीब 5.94 लाख करोड़ रुपये के पैकेज का ऐलान किया था।

आने वाले दिनों में और भी घोषणाएं होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा की गयी नयी घोषणाएं किसानों और प्रवासी मजदूरों को खासतौर पर लाभान्वित करेंगी।

हालांकि कांग्रेस ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आर्थिक पैकेज से जुड़ी दूसरे दिन की घोषणाओं को केवल ‘जुमला पैकेज’ करार दिया और आरोप लगाया कि प्रवासी श्रमिकों को कोई राहत नहीं दी गई और यह सरकार का व्यवहार ‘अज्ञानता, अहंकार और असंवेदनशीलता का मिश्रण’ है।

इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की इस चेतावनी के बीच शेयर बाजार टूट गए कि शायद कोरोना वायरस कभी समाप्त नहीं होगा। इससे दुनियाभर के शेयर बाजार टूट गए। इसका असर स्थानीय बाजारों पर भी पड़ा।

पिछले साल दिसंबर में चीन से कोरोना वायरस प्रकोप की शुरुआत के बाद से दुनियाभर में 43.7 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित पाये गये हैं वहीं करीब तीन लाख लोगों की जान जा चुकी है। चीन समेत कुछ देशों में लॉकडाउन समाप्त होने के बाद से वायरस फिर से पनपने लगा है।

भारत में 25 मार्च से देशव्यापी लॉकडाउन लगा हुआ है, हालांकि चार मई से शुरू हुए बंद के तीसरे चरण में कुछ रियायतें दी गयी हैं। सरकार जल्द ही 17 मई को बंद का तीसरा चरण समाप्त होने के बाद के रास्ते के बारे में घोषणा करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी कह चुके हैं कि लॉकडाउन का चौथा चरण होगा लेकिन यह पहले के तीन दौर से अलग होगा जिसकी जानकारी जनता को 18 मई से पहले दे दी जाएगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सुबह अपने दैनिक अपडेट में कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 134 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 2,549 तक पहुंच गई है। वहीं बुधवार सुबह आठ बजे से संक्रमण के 3,722 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 78,003 हो गई।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 49,219 लोगों का उपचार चल रहा है जबकि अब तक 26,234 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और एक मरीज देश से बाहर जा चुका है।

हालांकि शाम 6.40 बजे तक विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के आंकड़ों के संकलन से पीटीआई द्वारा तैयार तालिका के अनुसार देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 78,880 पहुंच गयी है।

महाराष्ट्र और गुजरात संक्रमण के मामलों के हिसाब से सबसे ऊपर हैं वहीं केरल में भी मामलों में अचानक वृद्धि दर्ज की गयी है। दक्षिणी राज्य में विदेशों से लौटे सात लोगों और एक पुलिसकर्मी समेत 26 लोगों को बृहस्पतिवार को संक्रमण की पुष्टि हुई।

गोवा में एक महीने से अधिक समय के अंतराल के बाद आठ नये संक्रमित रोगियों का पता चला है। आठों लोग बाहर से राज्य में आए हैं। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले दो दिन में राज्य में कोरोना वायरस के जो आठ मामले आये हैं, उनसे सामुदायिक संक्रमण की कोई संभावना नहीं है।

असम में हाल ही में मुंबई से लौटे सात लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामले 86 हो गए। संक्रमित पाए गए लोगों में से तीन कैंसर के रोगी हैं और एक 13 वर्षीय लड़की है, जिसकी हाल ही में मुंबई में हृदय की सर्जरी हुई। अन्य तीन उनके संबंधी हैं।

137 यात्रियों को लेकर छह बसें मंगलवार देर रात मुंबई से यहां पहुंचीं। यात्रियों में ज्यादातर लोग कैंसर के मरीज और उनके परिजन हैं। इन्हें एक होटल में पृथक-वास में रखा गया है।

दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण से मौत के मामलों की संख्या 115 हो गयी है और संक्रमण के 472 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 8,470 हो गयी है। एक दिन में दिल्ली में आज सर्वाधिक मामले आए।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि लॉकडाउन में रियायतें देने के केंद्र के फैसले के बाद सोमवार से शहर में विभिन्न आर्थिक गतिविधियों की अनुमति दी जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी