देश की खबरें | वैदिक और आयुर्वेद पर्यटन का केंद्र बनेगा गोरखपुर : पर्यटन मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को दावा किया कि आने वाले दिनों में गोरखपुर वैदिक और आयुर्वेद पर्यटन का केंद्र बनेगा।

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), 11 जनवरी उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को दावा किया कि आने वाले दिनों में गोरखपुर वैदिक और आयुर्वेद पर्यटन का केंद्र बनेगा।

महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के गुरु श्री गोरक्षनाथ चिकित्सा विज्ञान संस्थान और आरोग्यधाम में वैदिक आयुर्वेद आरोग्य केंद्र का दौरा करने के बाद पर्यटन मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में गोरखपुर वैदिक और आयुर्वेद पर्यटन का हब बन जाएगा।’’

उन्होंने कहा, "इससे लोगों को न सिर्फ स्वास्थ्य लाभ मिलेगा बल्कि इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। आयुर्वेद भारत की धरोहर है और आरोग्यधाम एक आकर्षक वैदिक पर्यटन और आरोग्य केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।"

गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल अतुल बाजपेई और रजिस्ट्रार प्रदीप राव ने पर्यटन मंत्री को परिसर में उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

सिंह ने कहा कि वह विश्वविद्यालय में हाईटेक (अत्याधुनिक) संसाधनों, शैक्षणिक गतिविधियों, स्मार्ट क्लासरूम और अत्याधुनिक उपकरणों से युक्त प्रयोगशालाओं, अस्पताल तथा अन्य सुविधाओं को देखकर चकित हैं।

पर्यटन मंत्री ने वैदिक पंचकर्म केंद्र का भी अवलोकन किया और कहा, "हम जल्द ही वैदिक आरोग्य और पर्यटन के मामले में केरल को पीछे छोड़ देंगे।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\