खेल की खबरें | शमी और इशांत की अच्छी गेंदबाजी, पर न्यूजीलैंड को बढ़त

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा ने शानदार गेंदबाजी की लेकिन कप्तान केन विलियमसन की धैर्यपूर्ण और टिम साउदी की आक्रामक पारी की मदद से न्यूजीलैंड मंगलवार को यहां विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में भारत पर पहली पारी में बढ़त बनाने में सफल रहा।

साउथम्पटन, 22 जून मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा ने शानदार गेंदबाजी की लेकिन कप्तान केन विलियमसन की धैर्यपूर्ण और टिम साउदी की आक्रामक पारी की मदद से न्यूजीलैंड मंगलवार को यहां विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में भारत पर पहली पारी में बढ़त बनाने में सफल रहा।

न्यूजीलैंड की पहली पारी पांचवें दिन चाय के विश्राम से ठीक पहले 249 रन पर समाप्त हुई। इस तरह से उसने पहली पारी में 32 रन की बढ़त हासिल की। भारत ने अपनी पहली पारी में 217 रन बनाये थे।

शमी (76 रन देकर चार विकेट) ने ‘सीम’ का अच्छा इस्तेमाल करके अपनी फुललेंथ गेंदों से बल्लेबाजों को चकमा दिया जबकि इशांत शर्मा (48 रन देकर तीन) ने भी अच्छी गेंदबाजी की। रविचंद्रन अश्विन (28 रन देकर दो) और रविंद्र जडेजा (20 रन देकर एक) ने भी विकेट लिये लेकिन जसप्रीत बुमराह ने निराश किया।

बारिश के कारण पहले सत्र का खेल देर से शुरू हुआ और इसमें 23 ओवर किये गये जिसमें न्यूजीलैंड की टीम ने केवल 34 रन बनाये और इस बीच तीन विकेट गंवाये। दूसरे सत्र में उसने अधिक तेजी दिखायी तथा 27.2 ओवर में 114 रन जोड़कर बाकी बचे पांचों विकेट गंवाये।

सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने तीसरे दिन 54 रन की पारी खेली थी जबकि कप्तान केन विलियमसन ने 177 गेंदों पर 49 रन बनाये लेकिन वह साउदी थी जिन्होंने दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर न्यूजीलैंड को महत्वपूर्ण बढ़त दिलायी।

विलियमसन ने गेंदबाजों को भरपूर सम्मान दिया और पहले सत्र में अपने स्कोर में केवल सात रन जोड़े। शमी पर उन्होंने चौका लगाकर न्यूजीलैंड को बढ़त दिलायी लेकिन इशांत की बाहर जाती गेंद को थर्डमैन पर खेलने के प्रयास में दूसरी स्लिप में विराट कोहली को कैच देकर एक रन से अर्धशतक से चूक गये।

भारत को दिन की पहली सफलता शमी ने दिलायी। उन्होंने रोस टेलर (11) को फुललेंथ गेंद पर ड्राइव करने के लिये ललचाया और शुभमन गिल ने शार्ट कवर पर डाइव लगाकर बेहतरीन कैच लिया। इशांत ने इसके बाद भरोसेमंद हेनरी निकोल्स (सात) को दूसरी स्लिप पर कैच देने के लिये मजबूर किया। अपना आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे बी जे वाटलिंग (एक) को शमी ने बोल्ड किया।

शमी ने लंच के बाद भी एक छोर से दबाव बनाये रखा। उन्होंने कोलिन डि ग्रैंडहोम (13) को पगबाधा आउट करने के बाद आक्रामक तेवरों के साथ क्रीज पर उतरे काइल जैमीसन (21) को भी पवेलियन भेजा। जैमीसन ने पहली गेंद पर छक्का जड़ने के अगली शार्ट पिच गेंद को सीमा रेखा भेजने का प्रयास किया लेकिन जसप्रीत बुमराह ने लांग लेग पर बड़ी खूबसूरती से उसे कैच में बदल दिया।

पुछल्ले बल्लेबाजों में जैमीसन के अलावा साउदी ने उपयोगी रन जोड़े। विलियमसन के आउट होने के बाद उन्होंने इशांत के अगले ओवर में लांग ऑन पर छक्का लगाया। उन्होंने जडेजा की गेंद भी छह रन के लिये भेजी लेकिन इसी स्पिनर ने उन्हें बोल्ड करके कीवी पारी का अंत किया।

भारतीय गेंदबाजों में बुमराह (26 ओवरों में 57 रन कोई विकेट नहीं) ने निराश किया जिन्होंने बेहद शार्ट पिच और ऑफ स्टंप के बहुत अधिक बाहर गेंदबाजी की जिनके बारे में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने कहा कि इनसे विकेट नहीं लिये जा सकते।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 3rd T20I Match Scorecard: इंदौर में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने रखा 224 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I Match Scorecard: रावलपिंडी में पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने रखा 216 रनों का लक्ष्य, माज़ सादाकत ने खेली 96 रनों की विस्फोटक पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 3rd T20I Match Live Score Update: इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का तीसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? इंदौर में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी 20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट