लॉस एंजिलिस (अमेरिका), 11 जनवरी (एपी) गोल्डन ग्लोब इस साल एक बार फिर अपनी पुरानी चमक-दमक के साथ लौटा, जहां मशहूर हस्तियों ने रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरा।
भारत की ओर से फिल्म ‘आरआरआर’ के कलाकार राम चरण, जूनियर एनटीआर और निर्देशक एस.एस. राजामौली ने 2023 गोल्डन ग्लोब के रेड कार्पेट पर शानदार एंट्री की।
कॉमेडियन जेरोड कारमाइकल ने कैलिफोर्निया के बेवर्ली हिल्स में बेवर्ली हिल्टन में 80वें गोल्डन ग्लोब पुरस्कार समारोह की शुरुआत की। इस साल फिल्म ‘एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स’ कई पुरस्कार अपने नाम करने के साथ समारोह में छाई रही।
वहीं भारतीय फिल्म ‘आरआरआर’ ने 2023 गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में अपने लोकप्रिय गीत ‘नाटु नाटु’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर’ श्रेणी का पुरस्कार अपने नाम कर लिया है।
इस श्रेणी में ‘नाटु नाटु’ ने टेलर स्विफ्ट के गीत ‘कैरोलिना’, ग्रेगोरी मान के ‘चाओ पापा’, लेडी गागा के ‘होल्ड माय हैंड’, फिल्म ‘ब्लैक पैंथर:वकांडा फॉरएवर’ के गीत ‘लिफ्ट मी अप’ को मात दी।
तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और इसे काल भैरव और राहुल सिप्लिगुंज ने स्वर दिया है। ‘नाटु नाटु’ का मतलब ‘नाचना’ है।
हालांकि इस सुपरहिट फिल्म को सर्वश्रेष्ठ ‘पिक्चर नॉन इंग्लिश’ श्रेणी में अर्जेंटीना की ‘अर्जेंटीना 1985’ ने मात दी।
शाम का पहला पुरस्कार अभिनेता के हुय क़्वान के नाम रहा। उन्हें ‘एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सह-कलाकार के पुरस्कार से नवाज़ा गया। फिल्म की अभिनेत्री मिशेल योह को ‘कॉमेडी या संगीत’ श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
फिल्म ‘ब्लैक पैंथर:वकांडा फॉरएवर’ के लिए एंजेला बैसेट को सर्वश्रेष्ठ सह-कलाकार (अभिनेत्री) का पुरस्कार मिला।
फिल्म ‘एल्विस’ के ऑस्टिल बटलन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। हालांकि इस श्रेणी में सबसे पंसदीदा ‘द व्हेल’ के कलाकार ब्रेंडन फ़्रेज़र थे।
फ़्रेज़र ने समारोह से पहले कहा था कि वह सामरोह में हिस्सा नहीं लेंगे।
क्विंटा ब्रंसन को ‘कॉमेडी सीरीज’ की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और टेलर जेम्स विलियम्स को सर्वश्रेष्ठ सह-कलाकार का पुरस्कार मिला। ‘द बैनशीज़ ऑन इंनिशेरिन’ कॉमेडी श्रेणी में कॉलिन फ़ारेल को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला।
एपी निहारिका मनीषा
मनीषा देवेंद्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY