जरुरी जानकारी | सोना 2,400 रुपये उछलकर 99,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर, चांदी में भी तेजी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

नयी दिल्ली, छह मई आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की लगातार लिवाली के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 2,400 रुपये बढ़कर 99,750 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।

सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 97,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

लगातार तीसरे दिन बढ़त को जारी रखते हुए 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार को 2,400 रुपये बढ़कर 99,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसका पिछला बंद भाव 96,900 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

एबंस फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिंतन मेहता ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नए शुल्क लगाने की घोषणा के बाद सुरक्षित निवेश की मांग में तेजी आने से सोने की कीमतों में तेजी आई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रस्तावित उपायों में औषधि आयात पर शुल्क और अमेरिका के बाहर बनी फिल्मों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने की बात कही गई है। इसने नए सिरे से व्यापार तनाव और वैश्विक वृद्धि पर उनके संभावित प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।’’

सर्राफा संघ के मुताबिक, चांदी की कीमतें भी 1,800 रुपये बढ़कर 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार प्रतिभागियों का ध्यान अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बुधवार को होने वाली बैठक के नतीजों और फेडरल रिजर्व चेयरमैन जेरोम पॉवेल की टिप्पणियों पर रहेगा।

वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 45.65 डॉलर यानी 1.37 प्रतिशत बढ़कर 3,379.77 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोने ने मंगलवार को 3,350 डॉलर के स्तर को दोबारा हासिल कर लिया। रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया में संघर्ष और भारत-पाकिस्तान के बीच ताजा तनाव से उत्पन्न भू-राजनीतिक चिंताओं के बीच लगातार दूसरे दिन सुरक्षित निवेश प्रवाह ने बहुमूल्य धातुओं को समर्थन दिया, जिससे बहुमूल्य धातुओं में तेजी आई।"

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, डॉलर में कमजोरी से भी कीमती धातुओं को लाभ होता है और इसका तेजी में योगदान होता है।’’

विदेशी बाजारों में हाजिर चांदी 1.64 प्रतिशत बढ़कर 33 डॉलर प्रति औंस हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

हंगरी में विपक्ष की धमाकेदार जीत, गई ओरबान की सत्ता

MI vs RCB, IPL 2026 20th Match Scorecard: वानखेड़े में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हराया, फिल सॉल्ट और रजत पाटीदार की पारियां आई काम; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

MI vs RCB, IPL 2026 20th Match Scorecard: वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस के सामने रखा 240 रनों का विशाल लक्ष्य, फिल सॉल्ट और रजत पाटीदार ने खेली तूफानी पारियां; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

MI vs RCB, IPL 2026 20th Match Live Toss And Scorecard: वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड