देश की खबरें | गोवा: छत्रपति शिवाजी महाराज पर टिप्पणी को लेकर कैथोलिक पादरी पर मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा में एक कैथोलिक पादरी पर मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज पर एक उपदेश के दौरान की गई टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया।
पणजी, चार अगस्त गोवा में एक कैथोलिक पादरी पर मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज पर एक उपदेश के दौरान की गई टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कहा कि फादर बोलमैक्स परेरा पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामला रात 10 बजे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मामला वास्को थाने में दर्ज किया गया है, हालांकि दक्षिण गोवा के क्यूनकोलिम और कैनाकोना सहित अन्य थानों में भी शिकायतें मिली हैं।
इससे पहले परेरा ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी थी लेकिन यह भी कहा था कि 17वीं शताब्दी के राजा पर उनके बयान को ‘‘संदर्भ से बाहर और गलत अर्थ में देखा गया’’।
परेरा के माफी मांगने के बावजूद बजरंग दल ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की, जबकि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
वास्को शहर के पास चिकालिम के एक गिरजाघर से जुड़े पादरी का एक वीडियो हाल में सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुआ था जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘छत्रपति शिवाजी को भगवान नहीं माना जा सकता’’।
बजरंग दल समेत राज्य के कई दक्षिणपंथी संगठनों ने उनकी टिप्पणी की निंदा की।
बृहस्पतिवार देर शाम परेरा ने एक बयान जारी किया जिसमें उन्होंने अपनी टिप्पणी को लेकर हुए विवाद और छत्रपति शिवाजी महाराज के उल्लेख के कारण पैदा हुई ‘‘गलतफहमी’’ पर खेद जताया।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘उपदेश देने के दौरान महान राष्ट्रीय नायक और बहादुर योद्धा का उल्लेख करने का उद्देश्य और इरादा भक्तों और वहां मौजूद लोगों को यह बताना था कि छत्रपति शिवाजी महाराज देश और विदेश में सभी धर्मों, जातियों, पंथ, ओं से परे लोगों द्वारा पूजनीय हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)