देश की खबरें | राजस्थान के बजट में दिखती है समस्याओं से मुक्ति दिलाने के प्रयास की झलक: राहुल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान सरकार के बजट की तारीफ करते हुए शनिवार को कहा कि इस बजट में महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से मुक्ति दिलाने के प्रयास की झलक दिखती है।
नयी दिल्ली, 11 फरवरी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान सरकार के बजट की तारीफ करते हुए शनिवार को कहा कि इस बजट में महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से मुक्ति दिलाने के प्रयास की झलक दिखती है।
उन्होंने केंद्र और राजस्थान सरकार के बजट का तुलनात्मक विश्लेषण करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सिर्फ अपने ‘मित्र’ की तरक्की और व्यापार दिखाई देता है।
राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘महंगाई, बेरोज़गारी, युवाओं और किसानों की समस्याओं को हमने देखा भी और समझा भी। इसलिए जनता को राहत देने के लिए राजस्थान की कांग्रेस सरकार 1100 रुपये वाला रसोई गैस सिलेंडर सिर्फ 500 रुपये में देगी।’’
राजस्थान के बजट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘(राजस्थान के बजट में) हर परिवार को 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली, चिरंजीवी योजना में 25 लाख रुपये तक का बीमा, एक लाख युवाओं को नौकरी, किसानों के लिए 2000 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महंगाई राहत पैकेज, 12वीं कक्षा तक नि:शुल्क शिक्षा, महिलाओं को बस किराये में छूट, कोरोना से अनाथ बच्चों को सरकारी नौकरी जैसे प्रावधान किये गये हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि इन सबके अलावा और भी कई अन्य जन कल्याणकारी योजनाएं राजस्थान की जनता को महंगाई, बेरोज़गारी जैसी समस्याओं से राहत दिलाएंगी।
उनके अनुसार, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा के दौरान देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों, मज़दूरों से जो बातें हुई, उन पर अब काम किया जाएगा। महंगाई कम करने, बेरोज़गारी ख़त्म करने, किसानों की समस्याएं, अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए कांग्रेस प्रयासरत है। राजस्थान की कांग्रेस सरकार के बजट में इसकी झलक दिखाई देती है।’’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘एक तरफ केन्द्र सरकार का बजट और एक तरफ देश के एक राज्य का बजट। केन्द्र की सरकार ने अपने बजट में महंगाई पर बात तक नहीं की। बेरोज़गारी का बजट में ज़िक्र तक नहीं किया। वह इसलिए क्योंकि प्रधानमंत्री जी को न तो महंगाई दिखाई देती है और न ही बेरोज़गारी। अगर उन्हें कुछ दिखता है तो वह है अपने 'मित्र' का व्यापार और उनकी तरक्की। प्रधानमंत्री जी, अब अपने मित्र की जेब भरना छोड़िए और देश की जनता के बारे में सोचिए।’’
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)