देश की खबरें | गुरुग्राम में किशोरी को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गुरुग्राम में एक किशोरी का अपहरण कर कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
गुरुग्राम, 20 मई हरियाणा के गुरुग्राम में एक किशोरी का अपहरण कर कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता (15) के साथ दो लोगों ने दुष्कर्म किया, जिसमें एक दूधवाला भी शामिल था, जिसे वह पहले से जानती थी।
पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर शुक्रवार को भोंडसी पुलिस थाने में आरोपी दूधवाले विनोद और उसके दोस्त जसबीर के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा छह और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली उसकी बेटी शुक्रवार सुबह दूध लेने गई और मारुति कुंज के पास विनोद से मिली।
महिला के मुताबिक आरोपी दूधवाला उसकी बेटी को जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर भोंडसी गांव के पास एक सूनसान इलाके में ले गया जहां जसबीर इंतजार कर रहा था।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया, ‘‘इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब मेरी बेटी ने विरोध किया, तो उन्होंने न केवल उसे जान से मारने की धमकी दी, बल्कि उसे बेरहमी से डंडे से पीटा और वहां उसे अकेला छोड़कर भाग गए।’’
महिला ने कहा कि उसकी बेटी कॉलोनी की एक गली के कोने पर मिली जिसके बाद उसने आपबीती सुनाई। महिला ने कहा कि वह घबराई हुई लग रही थी और उसके शरीर पर कई जगहों पर चोट के निशान थे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिग को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पुष्टि की कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है।
भोंडसी पुलिस थाने के प्रभारी मदन सिंह ने कहा, ‘‘ हम तथ्यों की जांच कर रहे हैं और आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)