खेल की खबरें | गिल के रिकॉर्ड दोहरे शतक से भारत मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान शुभमन गिल के रिकॉर्ड दोहरे शतक से पहली पारी में 587 रन बनाने के बाद इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 77 रन करके भारत ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को यहां अपना पलड़ा भारी रखा।

बर्मिंघम, तीन जुलाई कप्तान शुभमन गिल के रिकॉर्ड दोहरे शतक से पहली पारी में 587 रन बनाने के बाद इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 77 रन करके भारत ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को यहां अपना पलड़ा भारी रखा।

गिल ने 387 गेंद में 30 चौकों और तीन छक्कों से 269 रन की पारी खेलने के अलावा रविंद्र जडेजा (89 रन, 137 गेंद, 10 चौके, एक छक्का) के साथ छठे विकेट के लिए 203 और वाशिंगटन सुंदर (42) के साथ सातवें विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी की। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने भी कल 87 रन की पारी खेली थी।

गिल ने इंग्लैंड में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के मामले में महान सुनील गावस्कर और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया। वह इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले एशियाई कप्तान भी बने।

इंग्लैंड ने इसके जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक सलामी बल्लेबाजों जैक क्रॉली (19) और बेन डकेट (00) तथा ओली पोप (00) के विकेट गंवाकर 77 रन बनाए। डकेट और पोप दोनों को आकाश दीप (36 रन पर दो विकेट) ने लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजा।

आकाश दीप के पारी के तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर गिल ने स्लिप में डकेट का शानदार कैच लपका जबकि अगली गेंद पर पोप ने भी स्लिप में लोकेश राहुल को कैच थमाया।

क्रॉली भी शरीर से दूर शॉट खेलने की कोशिश में मोहम्मद सिराज (21 रन पर एक विकेट) की गेंद पर स्लिप में करुण नायर को कैच दे बैठे।

दिन का खेल खत्म होने पर हैरी ब्रूक 30 जबकि जो रूट 18 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों चौथे विकेट के लिए 52 रन की अटूट साझेदारी कर चुके हैं।

इंग्लैंड की टीम अब भी भारत से 510 रन पीछे है।

इससे पहले गिल ने चाय के बाद जोश टंग (119 रन पर दो विकेट) के दूसरे ओवर में पोप को आसान कैच थमाया। भारतीय कप्तान लगभग साढ़े आठ घंटे क्रीज पर रहे।

स्पिनर शोएब बशीर (167 रन पर तीन विकेट) ने इसके बाद आकाश दीप (06) और मोहम्मद सिराज (08) को आउट करके भारतीय पारी का अंत किया।

हालांकि बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियां गिल के शानदार दोहरे शतक की चमक को कम नहीं कर पाई।

श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनने की इच्छा व्यक्त करने वाले गिल इंग्लैंड में दोहरा शतक बनाने वाला पहला एशियाई कप्तान बनने के बाद अपने लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

गिल की उपलब्धि इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि यह प्रतिष्ठित श्रृंखला टेस्ट कप्तान के तौर पर उनकी पहली श्रृंखला है।

विराट कोहली के संन्यास के बाद उन्होंने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की है। गिल ने सुनिश्चित किया कि लीड्स में पहले टेस्ट की तरह यहां इंग्लैंड को वापसी का मौका नहीं दिया जाए।

इंग्लैंड की शॉर्ट गेंदबाजी की रणनीति काम नहीं कर रही थी और बशीर के खिलाफ गिल ने आसानी से रन जुटाए।

इंग्लैंड ने इसके बाद कामचलाऊ स्पिनरों हैरी ब्रूक और जो रूट को मौका दिया। गिल ने ब्रूक की गेंदों पर पांच चौके जमाए जबकि वाशिंगटन ने भी अपनी पकड़ बनाए रखी।

गिल कुछ देर के लिए 199 रन पर अटके रहे लेकिन फिर उन्होंने जोश टंग की गेंद को फाइन लेग की तरफ एक रन के लिए पुल करके अपने करियर का पहला दोहरा शतक पूरा किया। उनके जश्न से पता चलता है कि उनके लिए यह प्रयास कितना मायने रखता है जिसकी विपक्षी टीम और इंग्लैंड के प्रशंसकों ने सराहना की।

दूसरे सत्र के अंतिम लम्हों में रूट ने सुंदर को बोल्ड करके टीम को दिन की दूसरी सफलता दिलाई।

इससे पहले भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 310 रन से की और सुबह के सत्र में 25 ओवर में जडेजा के रूप में एक विकेट खोकर 109 रन जोड़े।

सुबह के सत्र में अधिकांश समय शॉर्ट गेंदबाजी की रणनीति कारगर नहीं रही।

टंग ने सत्र के अंत में शॉर्ट गेंद से सत्र की एकमात्र सफलता हासिल की। जडेजा उछाल लेती गेंद को नियंत्रित नहीं कर सके और विकेटकीपर जेमी स्मिथ ने आसान कैच लपका।

एजबस्टन में तेज धूप के बीच जडेजा ने कवर क्षेत्र में बैकफुट पंच और बेन स्टोक्स की गेंद को कट करके दिन की शुरुआत की।

गिल ने क्रिस वोक्स पर थर्ड मैन क्षेत्र में दिन की अपनी पहली बाउंड्री लगाई।

गिल ने बशीर के खिलाफ रिवर्स स्वीप खेले। भारतीय कप्तान को यह शॉट खेलते हुए देखना हैरानी भरा था।

गिल ने बशीर पर स्क्वायर लेग पर स्वीप करके छक्का भी लगाया। जडेजा ने भी क्रीज से आगे बढ़कर बशीर की गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छह रन के लिए भेजा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी