खेल की खबरें | गिल का शतक, इंग्लैंड को 142 रन से रौंदकर भारत ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के करियर के सातवें शतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में बुधवार को यहां इंग्लैंड को 142 रन से रौंदकर 3-0 से सूपड़ा साफ किया और चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अपनी तैयारियों का पुख्ता नजारा पेश किया।

अहमदाबाद, 12 फरवरी सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के करियर के सातवें शतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में बुधवार को यहां इंग्लैंड को 142 रन से रौंदकर 3-0 से सूपड़ा साफ किया और चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अपनी तैयारियों का पुख्ता नजारा पेश किया।

भारत के 357 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम अक्षर पटेल (22 रन पर दो विकेट), हर्षित राणा (31 रन पर दो विकेट), अर्शदीप सिंह (33 रन पर दो विकेट) और हार्दिक पंड्या (38 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 34.2 ओवर में 214 रन पर ढेर हो गई।

इंग्लैंड की ओर से आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे गस एटकिंसन और टॉम बैनटन दोनों ने 38-38 रन बनाए। इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज बेन डकेट (34) ही 30 रन के आंकड़े को पार कर पाए।

भारत ने इससे पहले गिल की 104 गेंद में तीन छक्कों और 14 चौकों से 112 रन की पारी के अलावा विराट कोहली (52) के साथ दूसरे विकेट की उनकी 116 और श्रेयस अय्यर (78) के साथ तीसरे विकेट की 104 रन की साझेदारी से 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 356 रन बनाए।

इंग्लैंड की तरफ से लेग स्पिनर आदिल राशिद सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 64 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि तेज गेंदबाज मार्क वुड ने 45 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड को डकेट और फिल सॉल्ट (23) ने पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 60 रन जोड़कर तेज शुरुआती दिलाई।

अर्शदीप ने हालांकि दोनों सलामी बल्लेबाजों को लगातार ओवरों में आउट करके भारत को वापसी दिलाई। डकेट ने अर्शदीप की धीमी गेंद को हवा में लहराकर मिड ऑफ पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को आसान कैच थमाया जबकि इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में सॉल्ट भी प्वाइंट पर अक्षर को आसान कैच दे बैठे।

बैनटन और जो रूट (24) ने स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

बैनटन 24 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब अक्षर ने उन्हें रन आउट करने का मौका गंवा दिया। बैनटन हालांकि इसका फायदा नहीं उठा पाए और कुलदीप यादव (38 रन पर एक विकेट) की गेंद पर विकेटकीपर लोकेश राहुल को कैच दे बैठे।

रूट भी इसके बाद अक्षर की अंदर की ओर आती गेंद को विकेटों पर खेल बैठे।

हैरी ब्रूक (19) ने कुलदीप पर छक्के के साथ 24वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया लेकिन अगले ओवर में कप्तान जोस बटलर (06) हर्षित की गेंद को विकेटों पर खेल गए।

हर्षित के अगले ओवर में ब्रूक के हाथ से लगने के बाद गेंद विकेटों से टकरा गई और इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 161 रन हो गया।

लियाम लिविंगस्टोन नौ रन बनाने के बाद वाशिंगटन सुंदर (43 रन पर एक विकेट) की वाइड गेंद पर राहुल के हाथों स्टंप हो गए जिससे इंग्लैंड की रही सही उम्मीद भी टूट गई।

आदिल राशिद (00) भी पंड्या की गेंद को विकेटों पर खेल गए।

अक्षर ने इसके बाद एटकिंसन को बोल्ड करके इंग्लैंड की पारी का अंत किया। उन्होंने 19 गेंद की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।

इससे पहले भारतीय उप कप्तान गिल ने एक ही मैदान पर तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में शतक लगाने का अनोखा कारनामा भी किया। उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल में भी शतक लगाया है।

गिल ने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को नसीहत दी। उन्होंने क्रीज पर शुरुआत से ही बेहतरीन फुटवर्क दिखाया।

पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे कोहली ने लय हासिल करने में समय लिया लेकिन लय में आने के बाद कुछ शानदार शॉट खेले। कोहली ने वुड की ओवरपिच गेंद को कवर्स में खेलकर अपना पहला चौका जड़ा और फिर तेज गेंदबाज साकिब महमूद पर भी दो चौके मारे।

कोहली ने लियाम लिविंगस्टोन पर छक्के और एक रन के साथ 50 गेंद में अपना 73वां अर्धशतक पूरा किया। उन्हें हालांकि राशिद के खिलाफ जूझते देखा गया।

राशिद की गेंद पर 38 रन के स्कोर पर कोहली भाग्यशाली रहे जब पगबाधा की विश्वसनीय अपील पर डीआरएस लेने पर रीप्ले में दिखा कि गेंद मामूली रूप से लेग साइड से बाहर पिच हुई थी।

कोहली हालांकि अर्धशतक पूरा करने के तुरंद बाद राशिद की तेजी से स्पिन होती गेंद पर विकेटकीपर फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे। उन्होंने 55 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का जड़ा। राशिद ने कोहली को एकदिवसीय मुकाबलों में पांचवीं बार आउट किया।

कोहली इसके साथ ही 14 हजार एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन पूरा करने वाले सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बनने से 37 रन पीछे रह गए।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही जब कप्तान और पिछले मैच के शतकवीर रोहित (01) दूसरे ही ओवर में वुड की गेंद पर सॉल्ट को कैच दे बैठे।

अय्यर एक बार फिर शानदार लय में नजर आए और उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए लेकिन राशिद की लेग साइड से बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में सॉल्ट के हाथों लपके गए। उन्होंने 64 गेंद का सामना करते हुए आठ चौके और दो छक्के मारे।

इससे पहले गिल ने वुड पर चौके के साथ 95 गेंद में शतक पूरा किया। वह हालांकि इसके बाद राशिद की गेंद पर बोल्ड हो गए।

हार्दिक पंड्या (17) ने राशिद पर दो छक्के जड़े लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए। लोकेश राहुल ने अंत में 29 गेंद में 40 रन की पारी खेली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी