विदेश की खबरें | फ्रांस आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ: रविशंकर प्रसाद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. (तस्वीर सहित)

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

(तस्वीर सहित)

पेरिस, 28 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि फ्रांस ने पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ अपनी एकजुटता दोहराई और इस बात पर सहमति व्यक्त की कि लोकतांत्रिक दुनिया को इस मुद्दे पर एक स्वर में आवाज उठाने की जरूरत है।

आतंकवाद पर भारत के रुख से अवगत कराने के लिए यूरोप यात्रा पर गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे प्रसाद ने पेरिस यात्रा के समापन पर यह बात कही।

भारत के इस नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने, फ्रांस की उप राष्ट्रपति जैकलीन यूस्टेश ब्रिनियो नीत भारत-फ्रांस मैत्री समूह के प्रतिनिधियों और विदेश मामलों एवं रक्षा समिति के सदस्यों के साथ भव्य ‘लक्जमबर्ग पैलेस’ में मंगलवार को अपने अंतिम कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल का अगला गंतव्य इटली की राजधानी रोम है।

प्रसाद ने पत्रकारों से कहा, ‘‘इस भव्य महल में सीनेट के सभी सहयोगियों ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ होने की बात कही।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ वे इस बात से पूरी तरह से सहमत थे कि फ्रांस और भारत, वास्तव में पूरे लोकतांत्रिक विश्व को पाकिस्तान में पनप रहे और पाकिस्तान द्वारा समर्थित आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक स्वर में आवाज उठाने की जरूरत है।’’

प्रसाद ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल इस समर्थन से वास्तव में अभिभूत है और उसने फ्रांस के सांसदों का इसके लिए आभार भी व्यक्त किया।

सांसदों के साथ बातचीत मंगलवार को नेशनल असेंबली में भारत-फ्रांस मैत्री समूह के सदस्यों के साथ बैठक के बाद हुई।

समूह के अध्यक्ष थिएरी टेसन ने कहा, ‘‘ यह बैठक हमारे लिए काफी अहम रही क्योंकि हमें यह पता चला कि भारत, फ्रांस को लेकर क्या सोच रखता है। हमारे बीच एक ऐसी साझेदारी है जो बेहद मजबूत है, बहुत पुरानी है और दोनों देशों के लिए काफी हद तक अच्छी है। यह भविष्य के लिए आशाजनक है।’’

यह समूह जल्द ही भारत की यात्रा करने की योजना बना रहा है।

इससे पहले सांसद दग्गुबाती पुरंदेश्वरी, प्रियंका चतुर्वेदी, गुलाम अली खटाना, डॉ. अमर सिंह, समिक भट्टाचार्य, एम. थंबीदुरई, पूर्व केंद्रीय मंत्री एम. जे. अकबर और पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पंकज सरन वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान में निहित आतंकवाद के वैश्विक पहलू को उजागर करने के लिए फ्रांस की मीडिया से बातचीत की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\