देश की खबरें | मणिपुर में चार उग्रवादी और अरामबाई तेंगगोल के दो सदस्य गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को विभिन्न अभियानों के दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के चार सदस्यों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इम्फाल, 23 अप्रैल मणिपुर में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को विभिन्न अभियानों के दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के चार सदस्यों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (नोंगद्रेनखोम्बा) की एक सक्रिय महिला उग्रवादी टोंगब्रम डॉली देवी (20) को इम्फाल पश्चिम जिले के लाम्फेल सुपरमार्केट से गिरफ्तार किया गया। वह संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थी।

इसके अलावा, 'पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक' (पीआरईपीएके) के एक कैडर को इम्फाल पूर्व जिले के नापेटपल्ली थोंगखोंग क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस ने उस व्यक्ति का नाम उजागर नहीं किया है।

इंफाल क्षेत्र और आसपास जबरन वसूली में संलिप्त कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक और उग्रवादी को इंफाल पश्चिम के केक्रुपत इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान 37 वर्षीय लोंगजाम टोनी सिंह के रूप में हुई है।

प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लूप (एसओआरईपीए) के सक्रिय सदस्य लैश्राम नोंगडम्बा सिंह उर्फ लनलेबा (25) को भी इंफाल पश्चिम जिले के हियंथांग माखा लैकाई से गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा, अरामबाई तेंगगोल नामक कट्टरपंथी संगठन के दो सदस्यों को मणिपुर के जिरिबाम जिले से गिरफ्तार किया गया। वे असम के कछार जिले के एक व्यक्ति के अपहरण में कथित रूप से शामिल थे। उनकी पहचान 32 वर्षीय आर के खोमदोंसना और 20 वर्षीय लौरेम्बम थोइबा उर्फ जैक्सन के रूप में हुई है। दोनों जिरिबाम जिले के निवासी हैं।

सुरक्षा बलों ने मंगलवार को इंफाल पूर्व जिले के मोंगजम के तलहटी क्षेत्रों में तलाशी अभियान के दौरान एक कार्बाइन, एक सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर), सात मैगजीन, 73 कारतूस और 37 कारतूसों के खोखे बरामद किए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\