देश की खबरें | टैंक में सफाई के लिए उतरे चार मजदूरों की दम घुटने से मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बीकानेर के करणी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को एक कारखाने के टैंक में सफाई के लिए उतरे चार मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बीकानेर, 27 मार्च बीकानेर के करणी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को एक कारखाने के टैंक में सफाई के लिए उतरे चार मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बीछवाल थाने के सहायक उप निरीक्षक पूरण सिंह के मुताबिक, करणी औद्योगिक क्षेत्र में चार मजदूर एक ऊन मिल में बने सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए उतरे थे।

उन्होंने बताया कि इस दौरान चारों मजदूर बेहोश हो गए, जिनमें से तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक मजदूर की अस्पताल में मौत हो गई।

सिंह के अनुसार, मृतकों की पहचान लाल चंद, चोरुलाल नायक, कालू राम वाल्मीकि और किशन बिहारी के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया सेप्टिक टैंक में गंदगी के कारण कार्बन डाइऑक्साइड गैस का रिसाव होने के चलते यह हादसा होने की आशंका है।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

सिंह ने कहा कि मृतकों के परिजनों ने अभी कोई शिकायत नहीं दी है और शिकायत मिलने के बाद मामले में कोई कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को होगा।

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व अन्य नेताओं ने हादसे पर शोक जताया है।

गहलोत ने ट्वीट किया, “बीकानेर के बीछवाल क्षेत्र में करणी औद्योगिक क्षेत्र में ऊन फैक्ट्री में गैस रिसाव की घटना में चार श्रमिकों की मौत बेहद दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें