विदेश की खबरें | पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ अस्पताल में भर्ती : परिवार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
लाहौर/दुबई, 10 जून पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुशर्रफ के स्वास्थ्य को लेकर जारी अटकलों के बीच उनके परिवार ने कहा, ‘‘वह उस मुश्किल चरण में हैं, जहां स्वस्थ होना संभव नहीं है।’’
पूर्व सैन्य तानाशाह जनरल परवेज मुशर्रफ ने पाकिस्तान पर 1999 से 2008 तक शासन किया।
परिवार ने ट्विटर पर एक बयान साझा किया और कहा कि मुशर्रफ वेंटिलेटर पर नहीं हैं।
मुशर्रफ के परिवार ने कहा, ‘‘उनकी बीमारी (एमाइलॉयडोसिस) के गंभीर होने के चलते वह करीब तीन सप्ताह से अस्पताल में भर्ती हैं। वह ऐसे मुश्किल चरण से गुजर रहे हैं, जहां स्वस्थ होना संभव नहीं है। उनके लिए दुआ करें।’’
एमाइलॉयडोसिस एक दुर्लभ बीमारी है जोकि शरीर के अंगों में एक असामान्य प्रोटीन बनने के कारण होती है और इसके चलते शरीर के सामान्य तरीके से काम करने में दिक्कत आती है।
इससे पहले दिन में, मुशर्रफ के करीबी सहयोगी और पूर्व सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने बताया कि उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मुशर्रफ को वेंटिलेटर पर रखा गया है।
चौधरी ने पीटीआई- से कहा, ‘‘मुशर्रफ की हालत नाजुक है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)