देश की खबरें | बलिया में खाद्यान्न घोटाले के आरोप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश पुलिस के आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने बलिया के खाद्यान्न घोटाला मामले में एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

बलिया (उप्र), 25 मई उत्तर प्रदेश पुलिस के आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने बलिया के खाद्यान्न घोटाला मामले में एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

ईओडब्ल्यू की वाराणसी इकाई के निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने पंदह विकास खण्ड के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुन्ना सिंह उर्फ सुग्रीव सिंह को शनिवार को पकड़ी थाना क्षेत्र के सरया गांव स्थित उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना में 2006 में खाद्यान्न घोटाले के आरोप में कुल 24 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अब तक इस मामले 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुन्ना सिंह उर्फ सुग्रीव सिंह की इस मामले में 20वीं गिरफ्तारी है।

सिंह और अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और जालसाजी कर लगभग 30 लाख से ऊपर के शासकीय धन के गबन का आरोप है।

संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना में हुए खाद्यान्न घोटाले को लेकर बलिया जिले में 2000 से 2005 तक काम के बदले अनाज योजना के संचालन में गबन करने को लेकर 2006 में जिले के 14 थाने में कुल 51 मुकदमे दर्ज हुए थे, जिसमें कुल 6,049 लोगों को आरोपी बनाया गया था।

प्रदेश सरकार के निर्देश पर आठ मुकदमे की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और शेष 43 मामलों की जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन की वाराणसी इकाई कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now